झारखंड में साथ लड़ेगा विपक्षी गठबंधन, 81 में 70 सीटों पर उतरेंगे कांग्रेस-JMM के उम्मीदवार

Jharkhand Assembly Election 2024 CM Hemant Soren Opposition bloc news in hindi

राँची। झारखंड में सत्तारूढ़ इंडिया गठबंधन के दलों के बीच सीटों के बंटवारे पर सहमति बन गई है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को कहा कि इंडिया ब्लॉक आगामी विधानसभा चुनाव एक साथ लड़ेगा और कांग्रेस और जेएमएम 81 में से 70 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेंगे। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी सीट बंटवारे को लेकर चर्चा के लिए रांची पहुंच चुके हैं।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को रांची स्थित अपने सरकारी आवास पर गठबंधन का एलान किया। सोरेन ने इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद कहा, इंडिया ब्लॉक झारखंड विधानसभा चुनाव एक साथ लड़ेगा। सहयोगियों के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत के दौरान यह निर्णय लिया गया है कि कांग्रेस और जेएमएम 81 में से 70 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेंगे। जेएमएम और कांग्रेस कितने सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इसका खुलासा अभी मुख्यमंत्री ने नहीं किया।

उन्होंने आगे कहा कि शेष 11 सीटों के लिए गठबंधन सहयोगियों आरजेडी और वाम दलों के साथ सीट बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांग्रेस के झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर की उपस्थिति में सीट शेयरिंग का ऐलान किया। हालांकि, इस मौके पर आरजेडी और वाम दल के प्रतिनिधि उपस्थित नहीं थे। सोरेन बताया कि,राजद और सीपीआई(एल) से बातचीत के बाद स्थिति साफ हो जाएगी कि, कांग्रेस और जेएमएम किन-किन सीटों पर चुनाव लड़ेगी। बता दें राज्य में विधानसभा चुनाव 13 और 20 नवंबर को दो चरणों में होंगे और मतगणना 23 नवंबर को होगी।