कोरबा: कुसमुंडा खदान में ड्यूटी पर तैनात जवान ने की आत्महत्या, राइफल से खुद को मारी गोली

A soldier posted on duty at Kusmunda mine committed suicide

कोरबा। एसईसीएल की कुसमुंडा खदान में सुरक्षा पर तैनात त्रिपुरा राइफल्स के एक जवान ने शुक्रवार रात अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले में जांच कर रही है। एसईसीएल की कुसमुंडा खदान में सुरक्षा के लिए त्रिपुरा राइफल्स नियोजित है।

इसके जवान आजाद सिंह की शुक्रवार रात खदान की सुरक्षा में ड्यूटी लगी थी। जवान ने खदान के कोल स्टॉक नंबर 29 के पास अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही त्रिपुरा राइफल्स व एसईसीएल प्रबंधन में हड़कंप मच गया है।

कुसमुंडा थाना प्रभारी निरीक्षक रूपक शर्मा मौके पर पहुंचे। मामला गंभीर होने से घटनास्थल को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल कर रही है। खदान में इस तरह की यह पहली घटना है। पुलिस के आला अधिकारी भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं। थाना प्रभारी शर्मा के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। मामले में जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।