छत्तीसगढ़: हेड कॉन्स्टेबल की पत्नी और बेटी की हत्या केस में NSUI जिलाध्यक्ष सहित 5 गिरफ्तार

सूरजपुर। सूरजपुर में हेड कॉन्स्टेबल तालिब शेख की पत्नी और बेटी की हत्या केस में पुलिस ने मुख्य आरोपी कुलदीप साहू सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में NSUI का जिलाध्यक्ष सीके चौधरी भी शामिल है।

वहीं आरोपी कुलदीप साहू के आलीशान घर पर बुलडोजर चलाने की तैयारी है। उनके मकान को अवैध निर्माण बताते हुए प्रशासन ने नोटिस चस्पा कर दिया है। आज सभी आरोपियों को पुलिस कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने का प्रयास करेगी।

IG अंकित गर्ग ने बताया कि, हेड कॉन्स्टेबल तालिब शेख के घर आरोपी कुलदीप साहू, सीके चौधरी और रिंकू सिंह गए थे। हेड कॉन्स्टेबल की पत्नी और बेटी की सब्जी काटने वाले चाकू से हत्या की गई। दोनों के शरीर पर चाकू से कई वार किए जाने के निशान मिले हैं।

उन्होंने बताया कि, एक आरोपी सूरज साहू बाकी सभी आरोपियों को भगाने में शामिल था। एक आरोपी गोल्डी हत्या के पहले कॉन्स्टेबल पर गर्म तेल फेंकने और पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश में शामिल था। उन्होंने कहा कि, जांच अभी प्राथमिक स्तर पर है। इसके चलते आरोपियों को रिमांड पर लेंगे।

IG गर्ग ने बताया कि, 13 अक्टूबर की रात आरोपी कुलदीप साहू अपने साथियों आर्यन विश्वकर्मा, चंद्रकांत चौधरी और रिंकू सिंह के साथ पुराने बस स्टैंड में बैठा था। रात करीब 9 बजे कॉन्स्टेबल घनश्याम सोनवानी ने देखा तो जिला बदर कुलदीप साहू को पकड़ने का प्रयास किया। आरोपी ने इस दौरान उसके ऊपर कड़ाही का खौलता हुआ तेल डाल दिया।

सूचना मिलने पर थाने से हेड कॉन्स्टेबल तालिब शेख, कॉन्स्टेबल उदय सिंह और अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे और कुलदीप को तलाश करने लगे। इस बीच कुलदीप ने अन्य दोनों आरोपियों के साथ मिलकर पुलिसकर्मियों को कार से कुचलने का प्रयास किया। इस पर पुलिस ने उनका पीछा किया, लेकिन आरोपी भाग निकले।

इस बीच हेड कॉन्स्टेबल तालिब शेख अपने घर पहुंचे तो वहां सीढ़ियों पर खून बिखरा था। घर में उनकी पत्नी मेहनाज और बेटी आलिया नहीं थे और सामान बिखरा पड़ा था। जगह-जगह खून देख उन्होंने इसकी सूचना थाने में दी। IG ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह तालिब को मारने गए थे, वह नहीं मिला तो उसकी पत्नी और बेटी की हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपी कुलदीप साहू भागकर झारखंड चला गया था। गढ़वा से अंबिकापुर आते समय उसे बलरामपुर थाने के सामने बलरामपुर एसपी बैंकर वैभव की टीम ने हिरासत में ले लिया। उसे कड़ी सुरक्षा के बीच सूरजपुर लाया गया।