छत्तीसगढ़: महिला को रेप कर मार डाला, बॉय फ्रेंड ने दोस्त के साथ मिलकर पत्थर से कुचला चेहरा; फिर घोंट दिया गला

पुलिस को महिला का शव वारदात के अगले दिन जंगल किनारे पड़ा मिला था। - Dainik Bhaskar

जशपुर। जशपुर में झारखंड की एक महिला की रेप के बाद हत्या कर दी गई। बॉय फ्रेंड ने पहले रेप किया और फिर अपने दोस्त के साथ मिलकर महिला को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। इसके बाद पत्थर से चेहरा कुचला और गला घोंटकर दिया। मामला कोतवाली क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, स्थानीय लोगों को 18 सितंबर को भभरी गांव के जंगल किनारे नाले के गड्‌ढे से 30 साल की एक महिला का खून से लथपथ शव मिला। इस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। जांच के दौरान पता चला कि महिला झारखंड के गुमला जिले की रहने वाली थी।

महिला अकेले रहकर करती थी मजदूरी 

पुलिस जांच में सामने आया कि, महिला शादीशुदा थी और यहां अकेले रहकर मजदूरी करती थी। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। रिपोर्ट में महिला से रेप, मारपीट और गला घोंटकर मारने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने रेप और हत्या की FIR दर्ज की।

बाइक से आए थे 2 व्यक्ति महिला के घर 

SP शशि मोहन सिंह ने बताया कि, स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि 17 सितंबर की रात एक बाइक पर 2 युवक महिला के घर पहुंचे थे। दोनों ही देर रात तक महिला के घर में रुके थे। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पुलिस ने राजेन्द्र मिंज (30) और संजय राम भगत (30) को पूछताछ के लिए थाने बुलाया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी राजेन्द्र मिंज ने बताया कि महिला से उसका अफेयर चल रहा था। वारदात के दिन वह जशपुर के कोर्ट में पेशी के लिए आया था। उसके साथ उसका साथी संजय राम भी था। पेशी खत्म होने के बाद वह मछली लेकर अपनी गर्लफ्रेंड के घर मिलने के लिए पहुंचे थे।

आरोपी राजेन्द्र मिंज ने रेप किया

इस दौरान महिला गणेश विसर्जन देखने के लिए चली गई थी। रात करीब साढ़े 9 बजे लौटी तब तक दोनों आरोपी शराब पीकर नशे में धुत थे। बताया जा रहा है कि आरोपी राजेन्द्र मिंज ने महिला से रेप किया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

आरोपियों ने बताया कि​ महिला का कोई पुराना केस था। उसके लिए वह 4 हजार रुपए मांग रही थी। पैसे नहीं देने पर विवाद बढ़ता चला गया। इस पर दोनों आरोपियों ने महिला को मार डाला। इसके बाद लाश को जंगल किनारे ठिकाने लगा दिया था।

कोर्ट ने दोनों आरोपियों को भेजा जेल

पुलिस ने सोगड़ा गांव निवासी राजेन्द्र मिंज और कपरोल गांव निवासी संजय राम को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उनको जेल भेज दिया गया है। वहीं लाश को पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

 - Dainik Bhaskar