छत्तीसगढ़: प्रदेश में कोरबा रहा सबसे गर्म, कल से बढ़ेंगी मानसून की गतिविधियां; तापमान में आएगी कमी

रायपुर। राजधानी में आज सुबह से बादल छाए हैं और हवाएं चल रही हैं। पिछले 2 दिन के मुकाबले आज मौसम थोड़ा ठंडा रहेगा। वहीं बस्तर में शाम-रात में तेज अंधड़ चलने और गरज- चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 17 जून से बारिश की गतिविधियां बढ़ेगी। इससे तापमान में कमी आएगी।

मौसम विज्ञानी के अनुसार, सरगुजा संभाग के जिलों में एक-दो पॉकेट में हीटवेव चलने की संभावना है। शनिवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री कोरबा में रिकॉर्ड किया गया वहीं सबसे कम 23.5 डिग्री तापमान नारायणपुर में रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक आज रायपुर, गरियाबंद, धमतरी ,महासमुंद, दुर्ग बालोद, कबीरधाम, रायगढ़, जांजगीर, बस्तर, कोंडागांव ,दंतेवाड़ा ,सुकमा बीजापुर नारायणपुर में हल्की बारिश के आसार हैं।

रायपुर में मानसून नहीं पहुंचा है, लेकिन अगले एक-दो दिन में प्री-मानसून शॉवर शुरू हो जाएगा। इसके साथ ही मानसून की भी दस्तक होगी। मौसम विज्ञानी के अनुसार, रविवार से बारिश की गतिविधियां बढ़ने लगेंगी। फिलहाल मानसून में देरी के कारण राजधानी में गर्मी बढ़ गई है। शनिवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री पर पहुंच गया है। यह सामान्य से 6.1 डिग्री अधिक है।

रात में भी गर्मी महसूस हो रही है। न्यूनतम तापमान भी 27.8 डिग्री रहा। यह भी 2.8 डिग्री ज्यादा है। वातावरण में हल्की नमी भी बनी हुई है। तेज धूप और नमी के कारण उमस महसूस होने लगी है।

1 जून से 15 जून से बारिश के आंकड़ों की बात की जाए तो राज्य के 2 जिलों में सामान्य से अधिक, 4 जिलों में सामान्य और 27 जिलों में औसत से कम बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 57.6 मिलीमीटर और नारायणपुर में 84 मिली बारिश हुई है, जो सामान्य से अधिक हैं।

वहीं बीजापुर, मुंगेली, रायगढ़, कबीरधाम में सामान्य बारिश और बाकी अन्य जिलों में बारिश सामान्य से भी कम हुई हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि सोमवार बारिश की गतिविधियां बढ़ेगी ऐसे में कम वर्षा की भरपाई होने के आसार हैं।