आज शाम थम जाएगा छठे चरण का चुनावी शोर; दिल्ली में आज पूरा जोर लगा रहीं AAP-कांग्रेस और भाजपा

नई दिल्ली। देश में लोकसभा चुनाव की प्रक्रिया के पांच चरण पूरे हो चुके हैं। बाकी दो चरणों के लिए मतदान 25 मई और 1 जून को कराए जाएंगे। सातवें दौर के नामांकन की सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। सभी राजनीतिक दल चुनाव प्रचार में एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं।

लोकसभा चुनाव के छठे चरण का चुनावी शोर गुरुवार शाम को थम जाएगा। छठे दौर में आठ प्रदेशों की कुल 58 सीटों के लिए वोटिंग 25 मई को होगी। छठे दौर में जिन सीटों पर मतदान होना है, उनमें सबसे ज्यादा 14 लोकसभा सीटें उत्तर प्रदेश की हैं।

राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को चुनाव प्रचार में भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया व रोड शो किया। दूसरी ओर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आईएनडीआई गठबंधन के प्रत्याशियों के लिए मोर्चा संभाले रखा। उधर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी कन्हैया कुमार के पक्ष में एक जनसभा को संबोधित किया।

दिल्ली में 25 मई को चुनाव, एक करोड़ 52 लाख मतदाता 

दिल्ली की सात लोकसभा सीटों के चुनाव के लिए 25 मई को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। एक करोड़ 52 लाख एक हजार 936 मतदाता ईवीएम का बटन दबाकर भाजपा व आईएनडीआई गठबंधन (कांग्रेस व आम आदमी पार्टी) के प्रत्याशियों सहित दिल्ली के चुनावी मैदान में दाव आजमा रहे 162 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।

हर कोई कर रहा अपनी-अपनी जीत के दावे

देश में लोकसभा चुनाव की सरगर्मी चरम पर है। भाजपा हो या कांग्रेस हर कोई अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहा है और एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप के तीर चला रहा है। इसी बीच कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल चुनाव परिणाम को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन को कम से कम 300 सीटें मिलेंगी। यह हमारा आकलन है। इन चुनावों में हमने दक्षिण भारत में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। लोग कह रहे हैं कि भाजपा उत्तर भारत में परचम लहराने जा रही है। वह पिछली बार से अच्छा प्रदर्शन करेगी, लेकिन ऐसा कुछ नहीं होने जा रहा। हमारी आंतरिक रिपोर्ट बहुत स्पष्ट है कि राजस्थान, हरियाणा, यूपी, बिहार, महाराष्ट्र, दिल्ली इन सभी जगहों पर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन ही ज्यादा सीटें पाएगा। इंडिया एलायंस की जीत की स्थिति बहुत स्पष्ट है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज चार राज्यों में चुनाव प्रचार करेंगे। पीएम मोदी पंजाब और हरियाणा में भाजपा की जनसभाओं को संबोधित करेंगे। गृह मंत्री शाह, उत्तर प्रदेश में चार रैलियों को संबोधित करेंगे। इसके अलावा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ओडिशा में पार्टी के प्रचार की कमान संभालेंगे। पीएम मोदी आज हरियाणा के भिवानी और पंजाब के पटियाला में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। वहीं, गृहमंत्री अमित शाह उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर, खलीलाबाद, अम्बेडकरनगर, और प्रतापगढ़ में चार अलग-अलग जनसभाओं को संबोधित करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज ओडिशा के मयूरभंज, भद्रक, जगतसिंहपुर और जाजपुर में चार जनसभाओं को संबोधित करेंगे।