छत्तीसगढ़: कवासी बोले-‘लखमा जीतेगा, नरेंद्र मोदी मरेगा’, गांव में कांग्रेस प्रत्याशी ने लगाई थी चुनावी चौपाल; कहा- खेल खत्म, राम-राम

कवासी लखमा बस्तर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी हैं। - Dainik Bhaskar

जगदलपुर। पीएम मोदी पर बस्तर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वे ग्रामीणों को क्षेत्रीय बोली गोंडी में कहते दिख रहे हैं कि, कवासी लखमा जीतोड़, नरेंद्र मोदी ढोलतोर। यानी कवासी लखमा जीतेगा और नरेंद्र मोदी मरेगा, खेल खत्म, राम-राम।

वीडियो 2 दिन पुराना बताया जा रहा है। कवासी चुनाव प्रचार के लिए बीजापुर जिले के कुटरू गए थे। दिनभर प्रचार के बाद वे शाम को जिला मुख्यालय लौट रहे थे। इसी बीच नैमेड गांव में उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत करने चौपाल लगाई थी। यहां सैकड़ों ग्रामीणों की मौजूदगी में उन्होंने खुद के लिए वोट मांगा।

कवासी लखमा ग्रामीणों को बता रहे थे कि, EVM मशीन में उन्हें किस तरह से वोट देना है। पहले चुलबुले अंदाज और फिर गोंडी बोली में कहा कि कवासी लखमा जीतोड़, नरेंद्र मोदी ढोलतोर, खेल खत्म राम-राम। वहां मौजूद लोगों ने लखमा के इस बयान का वीडियो बना लिया। जिसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इससे पहले भी वे अपने बयान को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं।

कवासी लखमा का एक और वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें वे कुटरू में ही ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहते दिख रहे थे कि, टीन खदान से पुलिस को तीर-धनुष मारकर भगाओ। लखमा के इन विवादित बयानों से राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गईं हैं।

कवासी लखमा कोंटा विधानसभा सीट से लगातार 6 बार से विधायक हैं। अबकी बार कांग्रेस ने उन्हें बस्तर से लोकसभा प्रत्याशी बनाकर चुनावी मैदान में उतारा है। वे पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। इनके सबसे निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीजेपी के महेश कश्यप हैं।