बिलासपुर: लड़कियों में गैंगवार, चिंकी और रिया गैंग में जमकर चले लात-घूंसे; मारने के लिए निकाला चाकू; देखें वीडियो

बिलासपुर। न्यायधानी में लड़कियों के बीच जमकर मारपीट हुई है। बीच सड़क पर लड़कियों ने एक दूसरे के बाल पकड़कर खींचा और पटक-पटककर पीटा। बताया जा रहा है कि एक लड़की ने हमला करने के लिए चाकू भी निकाल लिया। पूरा मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के रिवर व्यू का है।

वायरल वीडियो में दिख रहा है कि लड़कियां एक-दूसरे पर लात-घूंसे चला रही हैं। बाल पकड़कर जमकर पिटाई कर रही हैं। कुछ लड़कियां बीच-बचाव भी करती दिख रही हैं, लेकिन लड़कियां मान नहीं रही हैं। ये लड़कियां चिंकी और रिया गैंग की बताई जा रही हैं।

बताया जा रहा है कि गुरुवार की देर शाम लड़कियां अरपा किनारे रिवर व्यू रोड पर घूमने निकलीं थीं। इस दौरान लड़कियों के दोनों गुटों में मारपीट हुई है। दोनों गैंग की लड़कियां कुदुदंड की रहने वाली हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक दोनों गैंग की लड़कियां पहले फोन से बातचीत की थी, जिसके बाद अरपा किनारे रिवर व्यू रोड पर आमना सामना हो गया। कहा जा रहा है कि चिंकी गैंग की लड़कियों ने रिया गैंग से एक लड़के को फंसाने को कहा था, लेकिन रिया गैंग की लड़कियों ने कहा कि वह इस तरह का कोई काम नहीं करेंगी। इसी को लेकर विवाद हुआ।

सरेराह लड़कियों के बीच मारपीट होते देखकर रिवर व्यू रोड पर लोगों की भीड़ जुट गई। हमले में लड़कियों को चोटें भी आई हैं। उनके साथ आए लड़कों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। पीड़ित लड़कियों ने इसकी थाने में शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई है।

सिटी कोतवाली टीआई विजय चौधरी का कहना है कि मारपीट की किसी ने शिकायत नहीं की है। वीडियो के आधार पर लड़कियों की पहचान कर जांच कराई जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मनचली लड़कियों की सरेराह गुंडागर्दी। - Dainik Bhaskar