रामलीला मैदान में विपक्ष की 31 मार्च को रैली, कांग्रेस बोली- देश के लोकतंत्र पर हमला 

Arvind Kejriwal Arrested Live Updates: AAP Protest Today against Delhi CM Kejriwal’s Arrest News in Hindi

नई दिल्ली। इंडिया गठबंधन केंद्र सरकार के खिलाफ 31 मार्च को रामलीला मैदान में रैली का आयोजन करेगा। इस दौरान इंडिया गठबंधन के नेता देश को बचाने, तानाशाही खत्म करने के लिए अपनी आवाज को बुलंद करेंगे। वहां से और मिलकर संयुक्त लड़ाई को देश के अंदर बढ़ाएंगे। दिल्ली कांग्रेस और आप की साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह बातें कहीं गईं। कांग्रेस ने कहा कि देश के लोकतंत्र पर हमला हो रहा है। विपक्ष को खत्म करने की साजिश की जा रही है। 

‘महा रैली में INDI गठबंधन के तमाम बड़े नेता शामिल होंगे’

आप नेता और दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, ‘रामलीला मैदान एक ऐतिहासिक जगह है। देश के बड़े-बड़े आंदोलन रामलीला मैदान में हुए, आम आदमी पार्टी का उदय रामलीला मैदान से हुआ है। इसमें (महा रैली) INDI गठबंधन के तमाम बड़े नेता शामिल होंगे और देश को, विश्व को संदेश देंगे।’

‘भाजपा ने 55 करोड़ रुपये का यह चंदा लिया’

दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, ‘चुनावी बांड के पीछे छिपकर भाजपा ने तथाकथित उत्पाद शुल्क नीति मामले के सबसे बड़े सरगना शरद चंद्र रेड्डी से लगभग 60 करोड़ रुपये लिए। यह कोई आरोप नहीं है, यह सच्चाई है और हमने सबूत दिखाए हैं। शरद चंद्र रेड्डी की गिरफ्तारी के बाद भाजपा ने 55 करोड़ रुपये का यह चंदा लिया। 

शरत रेड्डी ने दबाव में बदला बयान: आप

आम आदमी पार्टी का कहना है कि ईडी की तरफ से मुख्य साजिशकर्ता बनाया गया शरत रेड्डी का पूर्व में बयान था कि वह अरविंद केजरीवाल को नहीं जानता है। लेकिन जमानत मिलते ही शरत रेड्डी पलट गया और सरकारी गवाह बन गया। अब उसी शरत रेड्डी ने बयान के आधार पर सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी हुई है। आतिशी ने पीएम नरेंद्र मोदी और ईडी को चुनौती देते हुए कहा कि शराब घोटाले में अब मनी ट्रेल मिल गया है। इसलिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को गिरफ्तार किया जाना चाहिए।