BJP की बैठक में यूपी समेत चार राज्यों के प्रत्याशियों पर हुआ मंथन, आज जारी हो सकती है चौथी सूची

BJP Central Election Committee meeting fourth list PM Modi  Amit Shah Rajnath Singh JP Nadda

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर, भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित समिति के अन्य सदस्य शामिल हुए। इस दौरान, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और राजस्थान की लोकसभा सीटों के उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की गई। उम्मीद है कि भाजपा आज अपनी चौथी सूची जारी कर सकती है।

ओडिशा भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल ने समिति की बैठक के बाद मीडिया से बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा और बीजद के बीच कोई गठबंधन नहीं है। हम लोकसभा की सभी 21 और विधानसभा की सभी 147 सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेंगे। हमने आज बैठक में उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा की। 

भाजपा की पहली लिस्ट- दो मार्च
भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची दो मार्च को जारी की। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने बताया था कि 16 राज्य और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 195 सीटों के उम्मीदवार तय किए गए हैं। पहली सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी नाम था, जो वाराणसी से चुनाव लड़ेंगे। वहीं, अमित शाह गांधीनगर से चुनावी मैदान में उतरेंगे। 34 केंद्रीय एवं राज्य मंत्रियों के नाम भी इस सूची में हैं। इसके अलावा, दिवंगत सुषमा स्वराज की बेटी को भी लोकसभा का टिकट दिया गया है।

भाजपा की दूसरी लिस्ट- 13 मार्च
लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपनी दूसरी सूची 13 मार्च को जारी की। सूची में 72 उम्मीदवारों के नामों का एलान किया गया है। सूची में केंद्रीय मंत्रियों के भी नाम हैं। दूसरी सूची में नागपुर से नितिन गडकरी और हमीरपुर से अनुराग ठाकुर को टिकट दिया गया है। वहीं, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर करनाल से चुनाव लड़ेंगे।

भाजपा की तीसरी लिस्ट- 21 मार्च
भाजपा ने तीसरी लिस्ट 21 मार्च को जारी की, जिसमें नौ उम्मीदवारों के नाम हैं। इस सूची में अन्नामलाई का भी नाम है, जो कोयंबटूर से मैदान में उतारेंगे। वहीं, चेन्नई दक्षिण से तमिलिसाई सुंदरराजन को टिकट दिया गया है।