छत्तीसगढ़: प्रदेश में सूरज ने दिखाए तेवर, चढ़ा पारा,राजधानी समेत 5 जिलों में तापमान 34 डिग्री से पार; कल के बाद रात में राहत

रायपुर।प्रदेश के तापमान में लगातार बढ़ोतरी जारी है। 5 जिलों का अधिकतम तापमान 34 डिग्री के पार हो गया है। यह सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा है। वहीं रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर सहित 6 जिलों में न्यूनतम पारा 20 डिग्री से अधिक पहुंच गया है। अगले 24 घंटे तक प्रदेश के तापमान में बदलाव की संभावना नहीं है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 24 घंटे के बाद सरगुजा औऱ बिलासपुर संभाग में रात के तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट के आसार हैं। प्रदेश में मंगलवार को सबसे ज्यादा महासमुंद में 34.5 डिग्री तापमान रहा। वहीं, सबसे कम नारायणपुर में 15.5 डिग्री दर्ज किया गया।

रायपुर में मंगलवार को दिन और रात का तापमान सामान्य से ऊपर रहा। यहां न्यूनतम तापमान 21.7 और अधिकतम 34.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। ये औसत तापमान से 2 डिग्री ज्यादा था। रात का तापमान भी औसत से 4 डिग्री ज्यादा रहा।

सरगुजा संभाग में दिन और रात का तापमान सामान्य से ज्यादा रहा। अंबिकापुर का न्यूनतम पारा सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा था। यहां तापमान 16.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान 31 डिग्री रहा। जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा।

बिलासपुर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान औसत से ज्यादा है। यहां रात का तापमान सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा वहीं, दिन का तापमान सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा। बिलासपुर में दिन का पारा 34.2 डिग्री रहा। यहां रात का तापमान 21.6 डिग्री पर पहुंच गया है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आने वाले दिनों में दिन के साथ रात के तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी। प्रदेश भर में नमीयुक्त हवाओं का प्रभाव कम हो गया है। इस वजह से दिन के ​​तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। प्रदेश के लगभग सभी हिस्से में दिन का पारा सामान्य से 5-6 डिग्री तक ज्यादा रिकॉर्ड किया गया है।