कोरबा: आभूषण बनाने वाले कारीगर ने लगाई फांसी, कर्ज का बोझ ज्यादा होने से था परेशान, फांसी के फंदे पर लटका मिला शव

विजय जादव ( फाइल फोटो)। - Dainik Bhaskar

कोरबा। कोरबा में ज्वेलरी बनाने वाले एक कारीगर विजय जादव ने अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार की सुबह उसका शव घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका पाया गया। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के मुताबिक, विजय जादव (35 साल) कांशी नगर बस्ती में अपनी मां, पत्नी और दो बच्चों के साथ रह रहा था। वह मूल रूप महाराष्ट्र का रहने वाला था। 15 साल पहले कोरबा में रहकर खुद का घर बनाया और निहारिका में दुकान खोलकर सोने का कारीगरी का काम करता था और अपने परिवार का भरण-पोषण करते आ रहा था।

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से विजय जादव कर्ज के बोझ से परेशान था और शराब का भी सेवन करने लगा था। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार की रात विजय दुकान से काम कर घर वापस आया और सब खाना खाकर अपने अपने कमरे में सोने चले गए थे। शनिवार की सुबह जब परिजन उठे तो घर पर ही एक बगल के कमरे में फांसी के फंदे पर उसकी लाश लटकती हुई देखी गई।

वहीं घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों का बयान दर्ज किया। सिविल लाइन थाने में पदस्थ एएसआई दुर्गेश राठौर ने बताया कि शव का पंचनामा कार्रवाई किया गया है। खुदकुशी को लेकर प्राथमिक जानकारी मिली है। ​​​​​पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा आगे की जांच की जा रही है।