छत्तीसगढ़: असीम राय हत्याकांड में पिस्‍टल बेचने वाला भी गिरफ्तार, चार बजे शूटर विकास को लेकर पहुंचेगी पुलिस

कांकेर। कांकेर जिले के भाजपा नेता असीम राय हत्याकांड में पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पिस्टल बेचने वाले सोनू साहू को भी गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पुलिस असीम राय को गोली मारने वाले शूटर विकास तालुकदार को लेकर लगभग शाम 4 बजे कांकेर पहुंचेगी। असीम राय को गोली मारने वाले शूटर विकास तालुकदार को महाराष्ट्र के गढ़चिरौली से पकड़ा गया है। शूटर विकास तालुकदार असीम राय की हत्या के बाद महाराष्ट्र के गढ़चिरौली भाग गया था। पुलिस ने उसे वहीं से पकड़ा है

आशंका जताई जा रही है कि इस घटनाक्रम में और भी कई अहम खुलासे हो सकते हैं। शूटर विकास तालुकदार के साथ पिस्टल बेचने वाला सोनू साहू भी पकड़ा गया है। सोनू को पुलिस ने दंतेवाड़ा से पकड़ा है। सोनू साहू के पास से दो पिस्टल, 30 राउंड, दो मैगजीन भी बरामद किया गया है। दोनों आरोपितों को पखांजूर न्यायालय में पेश किया जाएगा।

गौरतलब है कि विकास तालुकदार वही आरोपित है जिसने 2016 में गोंडाहूर थाना अंतर्गत राजनांदगांव के एक व्यापारी को गोली मारकर लूट की घटना को अंजाम दिया था। वर्तमान में उसी शूटर को असीम राय की हत्या करने की सुपारी सात लाख रुपये में दी गई थी।

हत्याकांड में पहले ही 11 आरोपितों को किया गया गिरफ्तार

बता दें कि हत्याकांड में पहले ही 11 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें मुख्य आरोपित पखांजूर नगर पंचायत का अध्यक्ष व कांग्रेस नेता बप्पा गांगुली, कांग्रेस पार्षद विकास पाल, चांदीपुर का उप सरपंच जितेन्द्र बैरागी शामिल है। 

पुलिस सूत्रों के अनुसार शूटर विकास तालुकदार को शनिवार सुबह महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले से गिरफ्तार किया गया। आरोपित के पास पिस्टल भी जब्त हो गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छह टीमें अलग-अलग जगह भेजी गई थीं। राजनीतिक हत्याकांड में मुख्य आरोपितों ने सात लाख रुपये में असीम की हत्या के लिए सुपारी दी थी। 

भाजपा नेता असीम राय की गोली मारकर कर दी गई थी हत्या 

बता दें कि सात जनवरी को भाजपा नेता असीम राय की बाइक सवार दो हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड को नगर पंचायत में अविश्वास प्रस्ताव से जोड़ा गया है। बता दें कि नगर पंचायत अध्यक्ष बप्पा गांगुली के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर 15 जनवरी को चर्चा होनी थी। उससे पहले ही असीम राय की हत्या करवा दी गई। 

असीम का विकास पाल व उपसरपंच जितेंद्र बैरागी से भी विवाद था। विकास को डर था कि उसका पखांजुर इन होटल का अवैध निर्माण तोड़ा जाएगा। अब तक बप्पा गांगुली, विकास पाल, सोमेंद्र मंडल, नीलरतन मंडल, गोपीदास, रीपन सदियाल, सुरजीत बाला, समीत मांझी, तपन मंडल, जितेंद्र बैरागी, जयंत विश्वास, शूटर विकास तालुकदार की गिरफ्तारी हो चुकी है।