IND vs SA: शून्य पर गिरे भारत के आखिरी छह विकेट तो रवि शास्त्री ने किया मजेदार कमेंट, हसंते-हंसते लोट-पोट हुए फैंस

IND vs SA Ravi Shastri commentary when team india collapse for 153 runs in cape town video viral

केपटाउन। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट की पहली पारी में भारतीय टीम 153 रन पर सिमट गई। अच्छी शुरुआत के बावजूद टीम इंडिया बड़ा स्कोर नहीं बना पाई। एक समय भारत का स्कोर चार विकेट पर 153 रन था। इसी स्कोर पर आखिरी छह बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। टीम इंडिया के खाते में एक रन भी नहीं जुड़ा। 11 गेंद में शून्य रन और छह विकेट। यह देखकर कमेंट्री कर रहे भारत के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने एक मजेदार बात कही। इसे सुनकर किसी की हंसी नहीं रुकी।

जब भारत का स्कोर 153/4 था, उस समय विराट कोहली और केएल राहुल क्रीज पर थे। कोहली ने 46 और राहुल ने आठ रन बनाए थे। राहुल को लुंगी एंगिडी ने विकेटकीपर कायेल वेरेयेन के हाथों कैच कराया। इसके बाद तो विकेटों का पतझड़ शुरू हो गया। उनके बाद एंगिडी ने रवींद्र जडेजा (शून्य) और जसप्रीत बुमराह (शून्य) को आउट किया। फिर विराट (46 रन) को रबाडा ने स्लिप में एडेन मार्करम के हाथों कैच करा दिया। मोहम्मद सिराज खाता खोले बगैर रन आउट हो गए। प्रसिद्ध कृष्णा (शून्य) आखिरी विकेट के रूप में आउट हुए। रबाडा ने उन्हें आउट किया।

रवि शास्त्री ने क्या कहा?
शून्य पर छह विकेट गिरने के बाद रवि शास्त्री ने कहा, ”153 रन पर चार विकेट और फिर 153 रन पर ऑल आउट। अगर इस बीच कोई टॉयलट जाकर वापस आया है तो बता दूं कि भारतीय टीम 153 रन पर ऑल आउट हो गई है।” शास्त्री ने अंत में यह भी कहा, ”या कोई पानी पीकर लौटा है तो।” उनकी यह बात सुनकर कमेंट्री करने वाले अन्य लोग भी हंसने लगे। उनका कमेंट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोग वीडियो शेयर करने लगे।

भारत ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
इससे पहले भारत ने मोहम्मद सिराज (6/15) की घातक गेंदबाजी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका को पहली पारी में 23.2 ओवर में सिर्फ 55 रन पर समेट दिया। भारत ने 91 साल के अपने टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में विरोधी टीम को सबसे कम स्कोर पर आउट किया। इससे पहले भारतीय टीम ने 2021 में मुंबई टेस्ट में न्यूजीलैंड को 62 रन पर समेटा था। भारतीय टीम भी 153 रन पर सिमट गई, लेकिन उसने पहली पारी में 98 रन की महत्वपूर्ण बढ़त बना ली।