छत्तीसगढ़: CM साय के सख्त निर्देश, आवश्यक वस्तुओं की नहीं होनी चाहिए किल्लत, कानून व्यवस्था बिगड़ी तो कलेक्टर-एसपी होंगे जिम्मेदार

रायपुर। देश के कई राज्यों में चल रही ट्रक चालकों की हड़ताल से प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं की सुचारू आपूर्ति प्रभावित हो रही है। कई राज्यों के साथ छत्तीसगढ़ में भी ट्रक चालकों की हड़ताल से पूरी व्यवस्था चरमरा गई है। वहीं, स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संभागायुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, कलेक्टर तथा पुलिस अधीक्षकों की वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की।

बता दें, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अहम बैठक की। मुख्य सचिव, डीजीपी, कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर, एसपी एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे। ट्रक चालकों की देशव्यापी हड़ताल को देखते हुए सीएम साय ने आवश्यक वस्तुओं की सुचारू आपूर्ति हेतु आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

बैठक में सीएम साय ने कहा कि ज़िलों में क़ानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में रहे और किसी भी अन्यथा स्थिति में सीधे कलेक्टर-एसपी की ज़िम्मेदारी तय की जाएगी। सीएम साय ने जनता से भ्रामक जानकारी न फैलाने की अपील की है। इसके साथ ही सीएम साय ने अफ़वाह फैलाने वालों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं और कहा है कि, जनता तक सही जानकारी ही पहुंचनी चाहिए।