छत्तीसगढ़: हल्के बादल, कोहरा और ठंड से होगा इस सप्ताह सामना

बिलासपुर। मौसम ने करवट बदल लिया है। तीन दिनों की झड़ी के बाद अब आसमान खुल चुका है। बादलों का झुंड लगभग समाप्त हो चुका है। वातावरण में ठंडक घुलने की तैयारी में है। मौसम विभाग की मानें तो इस सप्ताह ठंड के साथ कोहरा और सुबह हल्के बादलों से सामना होगा। सप्ताह के मध्य और अंत तक बादल पूरी तरह साफ हो जाएगा।  मौसम वेधशाला के मौसम विज्ञानी डा.एचपी चंद्रा के मुताबिक प्रदेश में 10 दिसंबर से ठंडी और शुष्क हवाएं चलने लगेंगी।

इसके कारण प्रदेश में न्यूनतम तापमान में गिरावट होने की संभावना है तथा अधिकतम तापमान में वृद्धि संभावित है। प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। बिलासपुर में भी यही स्थिति रहेगी। हालांकि इसके बाद भी परिस्थितयां धीरे-धीरे बदलती जाएंगी। रात में तापमान गिरेगा। सर्द हवाएं चल सकती हैं। न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है। वहीं दिन का तापमान बढ़ेगा। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

तिथि विवरण

10 दिसंबर सुबह आसमान में हल्के बादल नजर आएंगे  11 दिसंबर आसमान से बादल छंटने लगेंगे। वहीं रात में ठंड  12 दिसंबर दिन का तापमान बढ़ेगा रात में पारा गिरेगा  13 दिसंबर सुबह कोहरा छाया रहेगा दिन का तापमान बढ़ेगा  14 दिसंबर सुबह कोहरा छाया रहेगा, वातावरण में नमी बढ़ेगी  15 दिसंबर मौसम शुष्क रहेगा, वर्षा की संभावना नहीं  16 दिसंबर मौसम शुष्क रहेगा ठंड में वृद्धि संभावित ।

16 को धनु संक्रांति और वरद चतुर्थी 

16 दिसंबर को धनु संक्रांति मनाया जाएगा इसी दिन वरद चतुर्थी भी है। मान्यता है कि इस दिन गणपति बप्पा के दर्शन करने एवं व्रत रखने से पुण्य फल प्राप्त होता है। रतनपुर के सिद्धिविनायक और रेलवे कालोनी के श्री सुमुख गणेश मंदिर में भक्तों की भीड़ जुटेगी। 

16 से प्रारंभ होगा खरमास 

16 दिसंबर से खरमास प्रारंभ होकर 15 जनवरी तक प्रभावशील रहेगा। खरमास के दौरान किसी भी तरह के मांगलिक कार्य जैसे विवाह, गृह प्रवेश, गृह निर्माण, नव प्रतिष्ठान, वधू प्रवेश, मुंडन-छेदन, देव प्रतिमा प्रतिष्ठा से लेकर उपनयन संस्कार तक नहीं होगा।