गुरमीत राम रहीम फिर आया जेल से बाहर, यूपी के इस जिले में रहेगा, सुनारिया जेल से 21 दिन की मिली फरलो

रोहतक। साध्वी दुष्कर्म, पत्रकार और पूर्व डेरा प्रबंधक हत्याकांड के मामले में सुनारिया जेल में सजा काट रहा गुरमीत सिंह मंगलवार को आठवीं बार जेल से बाहर निकला। 21 दिन की फरलो मंजूर होने के बाद सुनारिया जेल से उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में बरनवाला आश्रम के लिए रवाना हुआ।

कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच जेल से आया बाहर

मुंहबोली बेटी हनीप्रीत इसां और उसके अधिवक्ता दो गाड़ियों में जिला जेल के बाहर पहुंचे। कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच गुरमीत सिंह की तीन गाड़ियों का काफिला तेज गति से परिसर से निकला। किसी प्रकार की घटना न हो, इसके लिए जेल परिसर से लेकर हाईवे तक पुलिस के जवान तैनात थे।

जेल में बंदियों से होने वाली मुलाकात रद्द

मीडिया कर्मियों को भी जेल परिसर के आसपास नहीं जाने दिया। आइआइएम रोहतक के समीप नाके पर ही मीडिया कर्मियों को रोका गया था। जेल में कैदी व बंदियों से स्वजनों की मुलाकात भी नहीं होने दी।

2017 से सुनारिया जेल में बंद

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह साध्वी यौन उत्पीड़न मामले में अगस्त 2017 से सुनारिया जेल में बंद है। इसके बाद दो अलग-अलग हत्याकांड में गुरमीत सिंह को सजा आजीवन कैद की सजा सुनाई जा चुकी है।

पंचकूला की सीबीआइ की विशेष अदालत ने 25 अगस्त 2017 को दोषी करार दिया था। इसी दिन हेलीकॉप्टर से उसे रोहतक की सुनारिया जेल में भेज दिया।

साध्वी दुष्कर्म मामले में बीस वर्ष की सजा

दो दिन बाद सुनारिया जेल में ही अदालत लगातर उसे साध्वी दुष्कर्म मामले में बीस वर्ष की सजा सुनाई गई थी। इसी दिन से सुनारिया जेल में सजा काट रहा है। पहली बार 24 अक्टूबर को गुरमीत सिंह 24 घंटे की सीक्रेट पैरोल पर बाहर निकाला गया था।

नौवीं बार गुरमीत सिंह जेल से आया बाहर

इसके बाद 21 जून को मां से मिलने के लिए 48 घंटे की कस्टडी दी। सात फरवरी 2021 को 21 दिन की पैरोल दी गई थी। मंगलवार को नौवीं बार गुरमीत सिंह जेल से बाहर निकाला गया है।