बिलासपुर: प्रयागराज से दुर्ग जा रही बस अनियंत्रित होकर पलटी, हादसे में 4 की यात्रियों की मौत, 32 घायल; CM ने दुख जताया

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से दुर्ग जा रही यात्री बस पलट गई। - Dainik Bhaskar

बिलासपुर। बिलासपुर में शुक्रवार सुबह प्रयागराज से दुर्ग जा रही बस के पलटने से 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 32 यात्री घायल हो गए हैं। सभी घायलों को कोटा और पेंड्रा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसा कोटा क्षेत्र के केंदा बंजारी घाट पर सुबह करीब 6 बजे हुआ है। हादसे पर सीएम भूपेश बघेल ने दुख जताया है। उन्होंने जिला प्रशासन से निर्वाचन आयोग की अनुमति के बाद मृतक के परिजनों को सहायता राशि देने के लिए अनुरोध किया है।

हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई थी। फिलहाल उसका नाम सामने नहीं आ पाया है। वहीं इलाज के दौरान 3 अन्य यात्रियों की मौत भी हुई है। पुलिस ने घायलों को कोटा और पेंड्रा के अस्पताल में भर्ती कराया था।

हादसे में कुछ यात्री घायल हुए थे, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद बिलासपुर सिम्स रेफर कर दिया गया। अन्य 3 यात्रियों की मौत किन अस्पतालों में हुई है, ये बात सामने नहीं आ पाई है।