
अहमदाबाद। भारत और पाकिस्तान के बीच विश्व कप के महामुकाबले में विराट कोहली को मैच शुरु होते ही मैदान से बाहर जाना पड़ा। कोहली गलत जर्सी पहनकर मैदान में आ गए थे और राष्ट्रगान के समय उनकी जर्सी बाकी खिलाड़ियों से अलग थी। हालांकि, बाद में कोहली को अपनी गलती का अहसास हुआ और वह मैदान से बाहर चले गए। जब विराट लौटकर आए तो वह विश्व कप की सही जर्सी पहने थे।
क्या है मामला?
भारत-पाकिस्तान मैच शुरू होने से पहले नियम के अनुसार दोनों देशों के खिलाड़ी मैदान में खड़े हुए और दोनों टीमों का राष्ट्रगान हुआ। इस दौरान देखा गया कि विराट कोहली की जर्सी टीम इंडिया के बाकी खिलाड़ियों से अलग है। कोहली की जर्सी में कंधे के ऊपर सिर्फ तीन सफेद पट्टियां थीं। वहीं, अन्य खिलाड़ियों की जर्सी में कंधे के पास तिरंगी पट्टियां थीं। इनमें सफेद, हरा और केसरिया रंग शामिल है। सभी खिलाड़ियों की जर्सी में विश्व कप का लोगो भी था। यही वनडे विश्व कप 2023 के लिए भारतीय टीम की आधिकारिक जर्सी है।
टॉस के कुछ समय बाद कोहली को पता चला कि वह गलत जर्सी पहनकर मैदान में आ गए हैं। ऐसे में विराट मैदान के बाहर गए और जब वह लौटकर आए तो उन्होंने सही जर्सी पहनी हुई थी, जिसमें तिरंगी पट्टियां और विश्व कप का लोगो भी था।

सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली – फोटो : सोशल मीडिया
खेल शुरू होने से पहले विराट कोहली ने सचिन तेंदुलकर के साथ मुलकात की। इस मुलाकात की तस्वीरें वायरल हो रही हैं। इस दौरान भी कोहली गलत जर्सी पहने हुए थे।
इसके बाद विराट ने इस महामुकाबले का आनंद लिया। वह मजाक के मूड में भी दिखे। जब मोहम्मद रिजावन बल्लेबाजी के लिए आए और पहली गेंद का सामना करने के लिए वह काफी ज्यादा समय लगा रहे थे, तब विराट ने घड़ी की तरफ इशारा करके रिजवान के मजे ले लिए।