छत्तीसगढ़: 2 चरणों में होगा चुनाव,7 और 17 नवंबर को मतदान, 3 दिसंबर को नतीजे; प्रदेश को 55 दिन में मिलेगी नई सरकार

नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ में चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। प्रदेश में 2 चरण में चुनाव होंगे। पहले चरण में 7 नवंबर और दूसरे चरण में 17 नवंबर को मतदान होगा। चुनाव परिणामों की घोषणा 3 दिसंबर को होगी। छत्तीसगढ़ को आज से 55 दिन बाद नई सरकार मिलेगी।

कहां कब होगी वोटिंग, नतीजे कब?

मिजोरम- 7 नवंबर 
मध्यप्रदेश- 17 नवंबर
छत्तीसगढ़- 7 और 17 नवंबर
राजस्थान – 23 नवंबर
तेलंगाना- 30 नवंबर

सभी राज्यों के नतीजे एक साथ 3 दिसंबर को आएंगे।

नई दिल्ली में चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि, आपराधिक पृष्ठभूमि वालों को तीन बार न्यूज पेपर में अपनी जानकारी विज्ञापित करानी होगी। वहीं राजनीतिक दलों को भी बताना पड़ेगा कि ऐसे प्रत्याशियों को टिकट देने के अलावा उनके पास कोई विकल्प नहीं था।

उन्होंने कहा कि, छत्तीसगढ़ में कुल 2.03 करोड़ मतदाता हैं। इनमें 1.01 करोड़ पुरुष वोटर्स तो 1.02 करोड़ महिला वोटर्स हैं, जबकि 18 से 22 साल की आयु के 18.68 लाख मतदाता हैं। छत्तीसगढ़ में पिछली बार दो फेज में 12 और 20 नवंबर को वोटिंग हुई थी। रिजल्ट 11 दिसंबर को अनाउंस किया गया था। 18 दिसंबर को नई सरकार का शपथ ग्रहण हुआ था।

पिछले चुनाव के आंकड़े

प्रदेश में विधानसभा की 90 सीटें हैं। पिछले चुनाव की बात करें तो पहले चरण में 18 सीटों पर 12 नवंबर और दूसरे चरण में 20 नवंबर को 72 सीटों पर मतदान कराया गया था। कांग्रेस ने 68 सीटों पर बड़ी जीत दर्ज कर सत्ता में वापसी की थी। जबकि 15 साल सत्ता में रही भाजपा 15 सीटों पर सिमट गई थी। इसके बाद हुए उपचुनाव में भाजपा के पास 14 रह गई, जबकि कांग्रेस की तीन सीटें बढ़कर 71 पहुंच गई।

छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा से भाजपा विधायक भीमा मंडावी की नक्सल हमले में हत्या के बाद हुए उप चुनाव में कांग्रेस की देवती कर्मा ने जीत दर्ज की थी। इसके बाद भाजपा के पास 14 सीटें रह गईं। भानुप्रतापपुर सीट पर कांग्रेस विधायक मनोज मंडावी का हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनके बाद उनकी पत्नी सावित्री मंडावी ने कांग्रेस से जीतीं। इसी तरह खैरागढ़ से जेसीसीजे के विधायक देवव्रत सिंह के निधन के बाद हुए चुनाव में कांग्रेस की यशोदा वर्मा विजयी रहीं।

पोस्टर-बैनर हटाए जाएंगे, हथियार होंगे जमा

आचार संहिता लगते ही किसी भी सरकारी काम के लिए चुनाव आयोग की सहमति अनिवार्य होगी। इसके साथ ही सरकारी वाहनों के उपयोग पर बैन लग जाएगा। वहीं प्रदेश भर में लगे चुनावी प्रचार वाले सभी पोस्टर-बैनर 24 घंटे में हटा दिए जाएंगे। मंत्रियों को सरकारी गाड़ियां और सुविधाएं छोड़नी पड़ेगी। नए कामों की घोषणा नहीं की जा सकेगी, लेकिन पुराने काम जो पहले से चलते आ रहे हैं, वो चलते रहेंगे।

फर्स्ट टाइम वोटर्स बढ़े

प्रदेश में 18 से 19 की उम्र के 7 लाख 23 हजार 771 ऐसे मतदाता होंगे, जो पहली बार वोट करेंगे। पहली लिस्ट में इनकी संख्या 4 लाख 25 हजार 698 थी, इनमें 2 लाख 98 हजार 073 मतदाता बढ़े हैं, जबकि 18 से 22 साल के फर्स्ट टाइम वोटर्स की संख्या 18 लाख 68 हजार 636 हैं।

पुरुषों के मुकाबले प्रदेश में बढ़ीं महिलाएं

विधानसभा चुनाव में 2 करोड़ 3 लाख 60 हजार 240 वोटर मिलकर नई सरकार चुनेंगे। संख्या बल में पुरुषों की तुलना में महिलाएं आगे बढ़ गई हैं। पुरुषों के 1003 वोटर हैं तो आनुपातिक तौर पर महिला वोटरों की संख्या 1012 महिला वोटर हैं। इसी तरह, इस बार चुनाव में पहली बार वोटर करने वाले (18-22 साल) युवाओं की संख्या 18.68 लाख से अधिक है। इनमें 18 से 19 साल वाले वोटर 7 लाख 23 हजार हैं।

भाजपा ने जारी की 21 प्रत्याशियों की सूची, कांग्रेस में इंतजार

भारतीय जनता पार्टी 21 प्रत्याशियों की सूची जारी कर चुकी है, जबकि कांग्रेस में अभी भी मंथन का दौर चल रहा है। आज दिल्ली में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक है। भाजपा की एक संभावित सूची भी आ चुकी है, जिसके बाद पूरे प्रदेश में जगह जगह विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं। पुराने चेहरों को रिपीट किए जाने और पैराशूट प्रत्याशी उतारे जाने का जमकर विरोध हो रहा है। कांग्रेस में भी एक सूची वायरल है, जिसमें 12 से ज्यादा विधायकों की टिकट काट दी गई है।