
नई दिल्ली । देश भर में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने वाला हाईप्रोफाइल चोर लोकेश श्रीवास उर्फ गोलू का चोरी करने का तरीका भी अनोखा है। वह आराम से वारदात को अंजाम देता है। चोरी की वारदात करने से पहले वह घंटों भूखा रहता है।
दिल्ली के उमराव सिंह ज्वेलर्स में वारदात के दौरान वह 20 घंटे भूखा रहा था। निजामुद्दीन के जंगपुरा में स्थित उमराव सिंह ज्वेलरी शोरूम में उसने कोल्ड ड्रिंक पीकर 20 घंटे निकाले। आरोपी लोकेश वारदात करने से पहले पूरी तरह रेकी करता है और लोगों से पूरी जानकारी लेता है। आरोपी महंगी कारों का शौकीन है। इसके पास से थार कार बरामद की गई है।
दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में इसने जो 40 किलो सोना चुराया था उस दौरान वह वहां इमारत में 20 घंटे भूखा रहा था। वह तसल्ली के कई घंटों तक वारदात को अंजाम देता है। वह घटनास्थल पर किसी तरह के सबूत छोड़कर नहीं जाता है।
इस पुलिस अधिकारी ने बताया कि वह रविवार की सुबह यानी 24 सितंबर को सुबह जंगपुरा में शोरूम की रैकी करने गया था। यहां पर वह कई घंटे रहा था। इसके बाद वह कहीं चला गया। रात के समय वह शोरूम के बाहर किसी व्यक्ति से बात करता है। इसके बाद शोरूम में अंदर चला गया।
सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे तोड़े
पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि अंदर जाकर इसने सीसीटीवी तोड़ दिए थे। इसके बाद इसने स्ट्रॉग रूम काटा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार लोकेश रविवार रात करीब 11.45 में उमराव सिंह शोरूम में घुसा था।
इसके बाद वह सोमवार शाम करीब 7.30 बजे शोरूम से निकल रहा था। इस दौरान उसने कुछ भी खाया-पीया नहीं। उसे शोरूम में रखे फ्रीज में कोल्ड ड्रिंक मिल गई थी। उसने कोल्ड ड्रिंक पीकर रात रात व पूरा दिन गुजारा था।
इस तरह की वारदात
रविवार : 24 सितंबर
सुबह 9.30 बजे : रेकी करने जंगपुरा स्थित शोरूम पहुंचा
रात 11.45 बजे : शोरूम में घुसा, अंदर आते ही उसकी फोटो कैद हो गई।
सोमवार : 25 सितंबर
शाम 7.30 बजे : चोरी कर आभूषण के साथ शोरूम से बाहर निकला। ऑटो से कश्मीरी गेट पहुंचा।
रात 9.15 बजे : लोकेश कश्मीरी गेट बस अड्डे पर था। यहां से इसने छत्तीसगढ़ के लिए वोल्वो ली।
रात 10.40 बजे : लोकेश की लोकेशन जेवर के पास एक्सप्रेस वे पर आ रही थी। इसके बाद उसने मोबाइल बंद कर दिया।
मंगलवार : 26 सितंबर
सुबह : आरोपी ने मध्यप्रदेश में मोबाइल ऑन किया। इसके बाद इसकी लोकेशन छत्तीसगढ़ में आई।