छत्तीसगढ़: नाबालिग लड़की से गैंगरेप, आइसक्रीम खिलाने के बहाने ले गए थे; तीन आरोपी गिरफ्तार

बलरामपुर। जिले में एक नाबालिग लड़की से गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोपी युवक उसे आइसक्रीम खिलाने के बहाने ले गए थे। इसके बाद वे उसे सूनसान इलाके में लेकर पहुंच गए। वहां उन्होंने बारी-बारी से उससे रेप किया। वहीं जब लड़की ने इसका विरोध किया तो उसे पीटा भी। कहा-ज्यादा चिल्लाएगी तो मारकर तुझे फेंक देंगे। मामला कुसमी थाना क्षेत्र का है।

7 जून को 16 साल की लड़की अपने किसी रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने आई थी। इसी दौरान वहां पर पाखरडीह निवासी विनोद (25), संदीप तिर्की (20) और चंद्रप्रकाश मींज(21) भी वहां पहुंचे थे। घर के लोग शादी कार्यक्रम की तैयारी में व्यस्त थे। इतने में तीनों ने लड़की से मुलाक़ात की। मुलाकात के बाद उसे अपने साथ ले गए थे।

बताया गया कि तीनों उसे गांव में डैम के पास लेकर गए। वहां कोई नहीं था। शाम होने वाली थी। उस दौरान लड़की ने यह भी कहा कि शाम हो गई है। घर चलना चाहिए। मगर युवक नहीं माने। उन्होंने लड़की को छेड़ना शुरू कर दिया। इसके बाद बारी-बारी से उससे रेप किया।

उधर, लड़की चिल्ला-चिल्लाकर युवकों का विरोध कर रही थी। इस पर आरोपियों ने उसे कहा कि ज्यादा मत चिल्ला, चिल्लाएगी तो तुझ मारकर फेंक देंगे। तेरे घरवालों को भी मार देंगे। आरोपी यहीं नहीं रुके। उन्होंने ये भी कहा कि यदि तूने किसी को भी कुछ बताया तो भी तुझे मार डालेंगे।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भाग निकले थे। वहीं डर के कारण लड़की भी 2 दिन तक चुप रही। उसने किसी को कुछ नहीं बताया था। मगर बाद में उसने फैसला किया कि वह पुलिस को इस बात की जानकारी देगी। फिर परिजनों के साथ मिलकर उसने पूरे मामले की शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।

इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के गांव में दबिश दी। लेकिन 2 आरोपी विनोद व संदीप घर से भाग निकले। जिसके बाद पुलिस ने उनका पीछा किया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। दोनों झारखंड भाग रहे थे। जबकि तीसरा आरोपी अंबिकापुर में छिपा था। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है। तीनों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने सोमवार को ही पूरे मामले का खुलासा किया है।