छत्तीसगढ़: तालाब में डूबने से दो मासूम सगे भाइयों की मौत, घर पर बिना बताए निकले थे खेलने

रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में दो मासूम बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई है।दोनों सगे भाई थे। पुलिस ने तालाब से दोनों के बच्चों के शवों को बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके बाद शव स्वजनों को सौंप दिया दिया जाएगा। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। दोनों मृतक बच्चे आयुष सिंह यादव और आदर्श यादव की उम्र 6 वर्ष एवं 4 वर्ष थी।

मिली जानकारी के अनुसार गुरूवार को मृतक बच्चों की मां घर पर बर्तन धो रही थी। इसी दौरान दोनों बच्चे घर पर बिना बताए खेलने के लिए बाहर निकल गए। वहीं काफी देर होने के बाद भी वे घर वापस नहीं लौटे। जिसके बाद बच्चों के स्वजनों ने आस-पास में तलाश की। इसके बाद भी बच्चों का पता नहीं चल सका था। इसी बीच स्वजनों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस बच्चों की तलाश में जुटी हुई थी।

तलाश में जुटी पुलिस को बच्चों के लापता होने की सूचना मिली थी कि आज दिनांक 8 जून को सुबह 8:00 बजे के आसपास घर से बिना बताए कहीं चले गए हैं। सूचना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। तलाश के दौरान पुलिस को घर से सौ मीटर दूर तालाब में दो बच्चों के शव मिले। जिनकी पहचान आयुष और आदर्श के रूप में स्वजनों ने की। पुलिस ने तालाब से शवों को बाहर निकाल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मृत बच्चों के स्वजनों के घर पर गम का माहौल है। फिलहाल पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। इधर शव मिलने के बाद पुलिस का मानवीय चेहरा सामने आया और थाना प्रभारी बृजेश कुशवाहा ने मासूम का शव गोद में लेकर अस्पताल के लिए रवाना किया।