
रायपुर। राजधानी रायपुर में एक फैक्ट्री में आग लग गई। जिससे अंदर काम कर रहे एक कर्मचारी की जिंदा जलकर मौत हो गई है। कुछ और लोग भी मामूली रूप से झुलसे हैं। कहा जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से हादसा हुआ है। आग लगने के बाद दूर तक लोगों को धुएं का गुबार देखने को मिला है। मामला उरला थाना क्षेत्र का है।

सिंघानिया चौक पर रॉयल इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी का फेब्रिकेशन डिवीजन है। यहां सुबह 10.30 बजे के आस-पास कंपनी के अंदर से धुआं उठने लग गया था। इसके बाद कर्मचारी हड़बड़ा कर इधर-उधर भागने लग गए। मगर उसी दौरान एक ऑफिस बॉय आग की चपेट में आ गया और उसकी जिंदा जलकर मौत हो गई।
तेल की वजह से फैली आग
वहीं कुछ और कर्मचारी भी झुलसे हैं। जिन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि जब आग लगी तो तेल का डिब्बे पास में रखे थे। उसी तेल की वजह से आग फैलती चली गई और धीर-धीरे कर कंपनी के एक बड़े हिस्से में फैल गई।

दूर तक दिखा धुएं का गुबार। आस-पास के लोग भी घबरा गए थे।
5 किलोमीटर दर से दिख रहा था धुआं
आग लगने की वजह से धुएं का गुबार भी काफी तेज से उठने लग गया। 4-5 किलोमीटर दूर तक लोगों ने धुएं का गुबार देखा। उधर फायर ब्रिगेड को भी इसकी सूचना दी गई थी। जिसके बाद फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। फिर 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है।
कवर्धा का रहने वाला था युवक
वहीं जिस युवक की हादसे में मौत हुई है। उसका नाम विकास चंद्राकर(25) है। वह कवर्धा का रहने वाला था। वह यहां पिछले कुछ समय से ही काम कर रहा था। घटना को लेकर उरला थाना टी आई बृजेश कुशवाहा सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी के साथ मौके पर पहुंचे थे। अंदर मौजूद कुछ कर्मचारियों को बाहर निकाला गया है। एक कर्मचारी की मौत हुई है। फिलहाल इसकी जांच की जा रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।