छत्तीसगढ़: बारिश के बाद सूरज के तीखे तेवर शुरू, आने वाले पांच दिनों में बढ़ेगा छह डिग्री तक तापमान

रायपुर।  पिछले कई से हो रही बारिश और ठंडी हवाओं के बाद गुरुवार से सूरज के तीखे तेवर शुरू हो गए है। तापमान में बढ़ोतरी होने से उमस भी बढ़ने लगी है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अब मौसम सामान्य होने लगा है और आने वाले पांच दिनों में छह डिग्री सेल्सियस तक अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। कुल मिलाकर आने वाले दिनों में गर्मी भी बढ़ने वाली है।

गुरुवार को रायपुर सहित प्रदेश में मौसम सामान्य रहा। ठंडी हवाओं का आना थोड़ा कम हुआ है,साथ ही तेज धूप में जलन शुरू हो गई है। रायपुर का अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि अभी भी अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री व न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री नीचे है। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान एडब्ल्यूएस रायगढ़ का 37.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस वर्ष मार्च और अप्रैल का महीना बीते दस वर्षों में सबसे कम तपाने वाला रहा। इसके साथ ही ऐसा 10 वर्षों बाद हुआ है कि मई के पहले तीन दिन बगैर तपाए रहे और बादल छाए रहने के साथ ही हल्की बारिश हुई।