छत्‍तीसगढ़ः प्रदेश में झुलसाने वाली गर्मी से मिलेगी थोड़ी राहत, इन इलाकों में वर्षा के आसार

रायपुर।प्रदेश में अब झुलसाने वाली गर्मी शुरू हुई है। उत्तर पश्चिम से आने वाली गर्म व शुष्क हवाओं के चलते लोग हलाकान होने लगे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि गुरुवार को इस भारी गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत मिलने के आसार है। प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा के आसार बने हुए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से अब नम हवाओं का आना शुरू हुआ है, इसके प्रभाव से ही प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा के आसार हैं। इसके साथ ही अधिकतम तापमान में गिरावट का दौर शुरू होगा। बुधवार को सबसे गर्म जिला रायगढ़ रहा, जहां तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।प्रदेश के बाकी जिलों में भी हालात इसी तरह के हैं। मुंगेली जिले में तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस पहुंचा। बलौदा बाजार जिला जो परसों तक सबसे गर्म था वहां तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया । इसके बाद प्रदेश में सबसे गर्म जिलों में राजनांदगांव रहा जहां 43 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर और बिलासपुर का भी तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने प्रदेश के सबसे गर्म जिलों के तापमान जारी किए हैं।

मौसम विभाग ने प्रदेश के सबसे गर्म जिलों के तापमान जारी किए हैं।

इसके अलावा अन्य जिलों का भी हाल ऐसा ही है महासमुंद में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दुर्ग जिले में 42.9 डिग्री तापमान रहा। कबीरधाम में 40.1 डिग्री तापमान, कोरिया में 40.2, जशपुर में 40.7 और कांकेर जिले में भी 40.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा बीजापुर में 41.6 सेल्सियस और बस्तर में 40.4 सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।

बुधवार को प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहा और तेज धूप व झुलसाने वाली गर्मी से लोग परेशान रहे। हालांकि शाम को बादल भी छाए, लेकिन इससे उमस में बढ़ोतरी रही। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि गुरुवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, साथ ही प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा के आसार बने हुए हैं। अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।