छत्तीसगढ़: अंधड़ और बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज, आज भी छाए रहेंगे बादल; प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश के आसार

रायपुर। छत्‍तीसगढ़ में इन दिनों बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है। इसके प्रभाव से ही बीते कुछ दिनों से शाम व रात के समय अंधड़ के साथ हल्की बारिश हो रही है। इसके प्रभाव से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। हालांकि दोपहर की तपिश बरकरार है।

अंधड़ व बारिश के प्रभाव से शनिवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम रहा। इसी प्रकार न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा।

शनिवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बादल छाए रहने के साथ ही हल्की वर्षा हुई। ठंडी हवाओं के आने के कारण अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट रही। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि रविवार को प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा। बादल छाए रहने के साथ ही कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा के आसार है।

इन क्षेत्रों में हुई वर्षा

पाटन में 4 सेमी, तोकरपाल में 3 सेमी, रामानुजगंज में 3 सेमी, लैलुंगा में 3 सेमी, गुंडरदेही में 2 सेमी, पत्थलगांव में 2 सेमी वर्षा हुई। इसके साथ ही प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की वर्षा हुई।