छत्तीसगढ़ः दुष्‍कर्म के बाद युवती की गला दबाकर हत्‍या, दो गिरफ्तार

राजनांदगांव। गैंदाटोला पुलिस ने मुंजाल पाथरी गांव में दुष्कर्म के बाद युवती की हत्या करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को उप पुलिस अधीक्षक नेहा वर्मा ने पत्रकारवार्ता में मामले की जानकारी दी। दोनों आरोपी महाराष्ट्र में देवरी थाना क्षेत्र के चांदीटोला गांव के रहने वाले हैं। आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया है।

घटना बीते 13-14 जनवरी की रात की है। पुलिस ने बताया कि 13 जनवरी की रात करीब नौ बजे युवती अपने घर से रामायण देखने के लिए गई थी। जो सुबह तक घर ही नहीं लौटी। उसके पिता ने दूसरे दिन सुबह बेटी को घर पर नहीं देख ग्रामीणों व रिश्तेदारों से पूछताछ की। तब पता चला कि कोठार में बनी झोपड़ी में उसकी लाश है। जिसे देख युवती के पिता ने तत्काल पुलिस को सूचना दी थी।

पुलिस ने बताया कि मृतिका के साथ हत्या से पहले दुष्कर्म किया गया था, जिसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। वहीं लकड़ी के ठूठ से भी मृतिका के चेहरे पर वार किया गया था। लाश को पैरा से ढककर आरोपी भाग गए थे। पुलिस ने हत्या के मामले की जांच की, जिसमें महाराष्ट्र चांदीटोला के आरोयों के बारे में जानकारी सामने आयी।

इसके बाद पुलिस की टीम महाराष्ट्र के चांदीटोला गांव पहुंची, जहां से संदेही के रूप में अशोक फुलकुंवर (25) और योगराज उर्फ तेजूराम उइके (23) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों से वारदात में उपयोग मोटर साइकिल को भी जब्त किया है।

गैंदाटोला थाना प्रभारी सइद अख्तर ने बताया कि मृतका के साथ आरोपी अशोक फुलकुंवर की पहचान थी। आरोपी अशोक बीते 13 जनवरी को अपनी मोटर साइकिल एमएच 34 बीटी 1164 से भांजे तेजूराम उइके के साथ ग्राम खोभा मड़ई घूमने आया था।

यहां से अशोक ने मृतका से मोबाइल फोन पर बात कर उससे मिलने गया। अशोक ने युवती के साथ पहले शारीरिक संबंध बनाया, जिसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। यही नहीं आरोपी ने लकड़ी के ठूठ से युवती के सिर पर भी हमला किया। जिससे मौके पर ही युवती की दर्दनाक मौत हो गई थी। इसके बाद पैरा से लाश का ढककर आरोपी फरार हो गए थे।