अब देश के दूसरे राज्यों में भी बनेंगे छत्तीसगढ़ संस्कृति केंद्र, CM बघेल ने कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों को लिखा पत्र

छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल खत लिखते हुए

रायपुर। अब देश के दूसरे राज्यों में  छत्तीसगढ़ संस्कृति केंद्रों की स्थापना होगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस संबंध में एक बड़ी पहल करते हुए विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। सीएम ने पत्र में छत्तीसगढ़ सरकार की ‘छत्तीसगढ़ कल्चरल कनेक्ट’ योजना  से अवगत कराया है। राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय महत्व के स्थानों में छत्तीसगढ़ संस्कृति केंद्र खोले जाएंगे। 

इन केंद्रों में छत्तीसगढ़ के लोगों के निवास और भ्रमण की सुविधा मिलेगी। वहीं छत्तीसगढ़ राज्य की संस्कृति, पुरातत्व एवं पर्यटन स्थलों की जानकारी दी जाएगी। छत्तीसगढ़ के परंपरागत हस्तशिल्प उत्पादों की भी जानकारी मिल सकेगी।  

मुख्यमंत्री ने केंद्रों की स्थापना के लिए  विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों को दो एकड़ शासकीय भूमि आबंटित करने के लिए अनुरोध किया है। वहीं बदले में मुख्यमंत्री ने विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों को आश्वस्त किया है कि उन्हें भी छत्तीसगढ़ में संस्कृति केंद्र खोलने के लिए भूमि आबंटन करेंगे।