GPM: होली खेलने के बाद एनीकट में नहाने गए 2 बच्चों की डूबने से मौत, गहराई में चले जाने से हुआ हादसा

गौरेला। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही(GPM)जिले में होली पर्व के दिन बड़ा हादसा हो गया है। यहां होली खेलने के बाद एनीकट में नहाने के लिए गए 2 बच्चों की डूबने से मौत हो गई है। वो अपने दोस्तों के साथ यहां पहुंचे थे। मगj नहाते वक्त गहराई में चले गए और यह हादसा हो गया। मामला गौरेला थाना क्षेत्र का है।

लालपुर गांव के बच्चों की टोली बुधवार दोपहर को तोकपुर हर्राटोला में टीपान नदी पर बने एनीकट में नहाने के लिए गई थी। सभी बच्चे नहा रहे थे। कुछ बच्चे बाहर मस्ती कर रहे थे। इसी दौरान निखिल राठौर(13) और राहुल प्रजापति(14) भी नहाने के लिए एनीकट में कूद गए।

बताया गया कि कुछ देर तक दोनों किनारे की ओर ही नहा रहे थे। मगर अचानक से दोनों थोड़ा आगे बढ़ गए। वहां पर गहराई थी, इस वजह से दोनों को कुछ पता भी नहीं चला और दोनों डूबने लगे। इसके बाद दोनों चिल्लाए भी, लेकिन आस-पास के बच्चे जब तक उन तक पहुंचे, वे डूब चुके थे।

इधर, दूसरे बच्चों ने आस-पास के लोगों को तुरंत सूचना दी। जिसके बाद गांव के लोग अंदर कूदे और दोनों को बाहर निकाला गय। मगर तब तक दोनों बच्चों की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद दोनों को परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस को भी सूचना दी गई थी। खबर मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

इस मामले में गौरेला थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि दोनों बच्चे जंगल के अंदर बने एनीकट में नहाने के लिए गए थे। दोनों गहराई वाली जगह पर चले गए और संतुलन बिगड़ जाने की वजह से संभव है कि डूब गए होंगे। मामले में जांच जारी है।