छत्तीसगढ़ः नक्सलियों ने जवानों को निशाना बनाने लगाया बम, चपेट में आने से युवक की गई जान

(फाइल फोटो) - Dainik Bhaskar

कांकेर। कांकेर में नक्सलियों ने फिर से कायराना हरकत की है। जिसकी वजह से एक युवक की मौत हो गई है। माओवादियों ने जवानों को निशाना बनाने आईईडी प्लांट किया था। मगर उसकी चपेट में ग्रामीण आ गया और उसकी मौत हो गई है। मामला कोरर थाना क्षेत्र का है।

काना निवासी बीरेश मंडावी(28) होली पर्व के दिन सुबह बाइक से कहीं जा रहा था। वह अभी मुरागांव के पास पहुंचा था। तभी लघुशंका लगने पर वह सड़क किनारे गया था। बताया गया कि वह अभी सड़क से कुछ दूर पर ही गया था। उसी वक्त उसका पैर प्रेशर आईईडी की चपेट में आ गया और जोरदार ब्लास्ट हुआ। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। उसके शरीर से काफी खून बह गया था।

उधर, घटना के बाद आस-पास के लोग जब मौके पर पहुंचे, तब जाकर पूरे मामले की जानकारी सामने आई है। इसके बाद पुलिस को इस बात की सूचना दी गई। जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। एसपी शलभ सिन्हा ने बताया कि नक्सलियों ने पहले से आईईडी प्लांट कर रखा था। जिसकी चपेट में ग्रामीण आ गया और उसकी मौत हो गई।