छत्तीसगढ़ः प्रदेश में बड़ा मुद्दा बन चुकी है गरीबों के घर की सियासत, सीएम भूपेश ने कहा- झूठ फैलाकर प्रदेश को बदनाम कर रही है भाजपा

CM बघेल ने इशारों में कहा- BJP आवास के मामले में प्रदेश को बदनाम कर रही, सच छुपा रही है|रायपुर,Raipur - Dainik Bhaskar

रायपुर। गरीबों के घर की सियासत प्रदेश में बड़ा मुद्दा बन चुकी है । हो न हो प्रदेश का आगामी चुनाव भी इसी मुद्दे की बिसात पर लड़ा जाएगा। अब प्रदेश का सत्ता पक्ष और विपक्ष इसी मुद्दे पर आमने सामने है। भाजपा ने 15 मार्च को PM आवास के मामले में बड़े आंदोलन, विधानसभा घेराव का एलान कर दिया है। इसके ठीक बाद प्रदेश के CM ने कह दिया है कि वो गरीबों को आवास देंगे, जरुरत पड़ी तो नए सिरे से सर्वे कराएंगे।

अब मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का एक नया ट्वीट सामने आया है। इसमें उन्होंने इशारों-इशारों में भाजपा को घेरा है। कहा है कि भाजपा के लोग झूठ फैलाकर प्रदेश को बदनाम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने लिखा- छत्तीसगढ़ को डेढ़ दशक तक नकारात्मकता के आवरण में लपेटकर रखने वाले कुछ लोग पिछले कुछ दिनों से प्रदेश को बदनाम करने का एक सुनियोजित अभियान चला रहे हैं। कह रहे हैं कि लोगों को आवास स्वीकृत नहीं हो रहे हैं।

CM ने आगे लिखा- छत्तीसगढ़ को राष्ट्र पटल पर बदनाम करने वाले यह सच क्यों छिपा रहे कि आवासों की स्वीकृति के मामले में हमारा छत्तीसगढ़ राज्य असम, बिहार, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, केरल, महाराष्ट्र, उड़ीसा, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बंगाल, आंध्र प्रदेश तथा कर्नाटक राज्यों से बेहतर स्थिति में है।
भूपेश बघेल ने कहा है कि मेरा प्रस्ताव/सुझाव है कि विगत 12 वर्षों में केंद्र और राज्य परिवर्तित योजनाओं के क्रियान्वयन से आम नागरिकों के जीवन में क्या प्रभाव/परिवर्तन हुए? इसकी जानकारी के लिए देश में विगत 12 वर्षों में इन योजनाओं से हुए प्रभाव का सर्वे किया जाए:
1. निर्मित पक्के आवास, शेष कच्चे अथवा एक कमरे वाले आवास
2. स्वच्छ भारत अंतर्गत निर्मित शौचालय
3. उज्ज्वला गैस योजना से हुआ लाभ 
4. किसानों की आय दोगुनी करना
5. 100 प्रतिशत घरों का विद्युतीकरण
6. कौशल विकास कार्यक्रम से लाभांवित हितग्राहियों के रोजगार प्राप्ति की स्थिति

सीएम भूपेश की घोषणा

मैं आज यह भी घोषणा करता हूँ कि यदि केंद्र सरकार द्वारा तत्काल आवास योजना के पात्र हितग्राहियों का सर्वे आरंभ नहीं कराया तो राज्य सरकार 01 अप्रैल से 30 जून 2023 के बीच स्वयं नवीन सर्वे कराएगी। विगत 12 वर्षों में ग्रामों में निर्मित पक्के आवासों की प्राथमिक जानकारी प्राप्त कर आवासों की क्रमबद्ध स्वीकृति का कार्य करेगी। मैं विपक्ष के साथियों के साथ ही राज्य की जनता को आश्वस्त करता हूँ कि राज्य के सभी पात्र हितग्राहियों को पक्के आवास मुहैया कराने के लिए हमारी सरकार पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

डॉ रमन का दावा, पोस्टर में। - Dainik Bhaskar

डॉ रमन का दावा भाजपा ने किया था काम 
प्रदेश की विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण में प्रदेश के 8 लाख 33 हजार लोगों को मकान मिले हैं। अब भाजपा का दावा है कि ये सब भाजपा के कार्यकाल में हुआ। इस दावे के साथ डॉ रमन ने एक पोस्ट साझा किया, इसमें कांग्रेस और भाजपा के वक्त में बने मकानों की तादाद है। 

विधानसभा घेराव का पोस्टर लॉन्च। - Dainik Bhaskar

विधानसभा घेराव का पोस्टर लॉन्च।

1 लाख लोग सड़क पर उतरेंगे 
अब भाजपा आवास के मुद्दे को सड़क पर ला रही है। 15 मार्च को भाजपा 1 लाख लोगों के साथ विधानसभा का घेराव करने की रणनीति बना चुकी है। इस मुद्दे पर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष अरुण साव ने कहा 25 जून 2015 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के प्रत्येक आवासहीन को मकान देने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना प्रारंभ की जिसका लक्ष्य था कि 2022 तक देश में प्रत्येक व्यक्ति के पास स्वयं का मकान हो। छत्तीसगढ़ में कुल 16 लाख हितग्राही पाए गए। जिन्हें मकान नहीं मिल पाया क्योंकि कांग्रेस ने योजना में अपने हिस्से के रुपए दिए ही नहीं। 

झूठ बोल रही है भाजपा, राज्य ने पैसा दिया
प्रधानमंत्री आवास पर भाजपा झूठ बोलकर भ्रम फैला रही है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा नेता राज्य में प्रधानमंत्री आवास को लेकर अलग-अलग आंकड़े बताकर फर्जीगिरी की राजनीति कर रही है। प्रदेश में कुल शहरी और ग्रामीण मिलाकर कांग्रेस सरकार बनने के बाद 1,304,000 (तेरह लाख चार हजार) आवास स्वीकृत हुये है। प्रधानमंत्री आवास के शहरी क्षेत्र का ही यदि तुलनात्मक अध्ययन करे तो रमन सिंह सरकार ने 4 साल में शहरी क्षेत्र में मात्र 19,000 मकान बनाये थे तथा भूपेश सरकार ने 4 साल में 247,000 मकान बनाये है। रमन सरकार ने चार साल में मात्र 272 करोड़ रू. का राज्यांश दिया था इसके विपरीत कांग्रेस सरकार ने 4 साल में 2100 करोड़ शहरी आवास में राज्यांश दिया है।