रायपुरः अब तक नहीं आई पीएम रिपोर्ट, आठ लोगों के बयान हो चुके दर्ज , रिसेप्‍शन के दिन मिली थी दूल्हा-दुल्हन की लाश

रायपुर।राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र के मोती नगर में 21 फरवरी को बंद कमरे में दूल्हा और दुल्हन की लाशें मिली थीं, जिनकी अभी तक पीएम रिपोर्ट नहीं आई है। पीएम रिपोर्ट के बाद पुलिस की जांच की दिशा भी तय होगी। रिपोर्ट नहीं मिलने की वजह से पुलिस एफआइआर दर्ज नहीं कर सकी है।

इधर लड़की और लड़के दोनों के घरवालों के बयान दर्ज किए गए हैं। अब तक आठ लोगों के बयान दर्ज करवाए गए हैं। लगातार पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस के लिए भी यह मिस्ट्री बना हुआ है। पुलिस हत्या की वजह खोजने में जुटी हुई है।

बता दें कि असलम और कहकशां के शरीर में कुल 72 चाकू से वार के निशान की बात सामने आई थी। यह बात शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में सामने आई है। लेकिन पीएम रिपोर्ट पुलिस को नहीं मिली है। संबंधित डाक्टर किसी जरूरी काम से बाहर हैं। इस वजह से देरी हो रही है। 

मोबाइल की जांच कर रही पुलिस 

दोनों के मोबाइल फोन लॉक हैं, जिन्हें खोलने के लिए पीएचक्यू भेजा गया है। इसके बाद डेटा रिकवरी की जाएगी। तब आखिरी फोन काल से लेकर सारी जानकारी पुलिस के हाथ लगेगी। पुलिस को उम्मीद है कि फोन से मौत की वजह का पता चल सकता है। 

शादी के तीसरे दिन की घटना 

असलम और कहकशां की शादी 19 फरवरी को हुई थी। एक वर्ष पहले सगाई हो गई थी। 21 फरवरी को प्रीतिभोज की तैयारी चल रही थी। असलम और कहकशां दोनों तैयार हो रहे थे। इस दौरान ब्यूटीशियन भी मौजूद थी। इसके बाद 15 मिनट के लिए ब्यूटीशियन को रूम से बाहर भेज दिया गया। इसी बीच दोनों के बीच किस बात पर विवाद हुआ कि दोनों के शव मिले। अंदर से दरवाजा बंद था। चीख-पुकार की आवाज सुनने के बाद घरवाले पहुंचे थे।