कोरबा : बेटी को बचाने जंगली सुअर से भिड़ गई मां,आधे घंटे तक दोनों के बीच चला संघर्ष; महिला और सुअर दोनों की हुई मौत

कोरबा। कोरबा जिले में पसान थानांतर्गत ग्राम तेलियामार में अपनी पुत्री को बचाने के लिए एक मां जंगली सुअर के साथ भिड़ गई। करीब आधे घंटे तक दोनों के बीच चले संघर्ष में महिला और सुअर दोनों की मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार मृतका दुवशिया बाई अपनी 11 वर्षीय बेटी रिंकी के साथ पास के ही खेत में काम करने गई हुई थी। काम करने के दौरान जंगली सुअर ने दोनों पर हमला बोल दिया। अपनी बेटी को बचाने के लिए दुवसिया ने जान की भी परवाह नहीं की और सुअर की जान लेने के साथ ही खुद भी मौत के आगोश में समा गई। जानकारी मिलने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस और वन अमला भी मौके पर पहुंच गया। फिलहाल पुलिस और वन विभाग दोनों के द्वारा जरुरी कार्रवाई की जा रही है।