रायपुरः अधिवेशन में आज का दिन अहम, सोनिया कांग्रेसियों से करेंगी खुलकर बात; बदलेगा संगठन का संविधान

रायपुर। रायपुर में कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन का आज दूसरा दिन है। इसमें हिस्सा लेने राहुल और सोनिया गांधी भी पहुंचे हैं। पार्टी की पूर्व अध्यक्ष देशभर से आए कांग्रेस नेताओं से सीधा संवाद करेंगी। पार्टी को लेकर वे क्या सोचती हैं, और वो कांग्रेस नेताओं से क्या अपेक्षाएं रखती हैं। इस पर वो शनिवार को खुलकर बात करेंगी। तय कार्यक्रम के मुताबिक वे साढ़े 11 बजे के आस-पास अधिवेशन में आए नेताओं को सम्बोधित करेंगी।

खड़गे भी करेंगे देश भर के डेलीगेट्स से बात
सुबह करीब 9 बजकर 50 मिनट के आस-पास अधिवेशन के कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद औपचारिक कार्यक्रम के बाद वो साढ़े 10 बजे के आस-पास कांग्रेस नेताओं को सम्बोधित करेंगे।

पार्टी के संविधान बदलने पर भी चर्चा
कांग्रेस के 85वें अधिवेशन में पार्टी अपने संविधान को बदल सकती है। जैसे पदाधिकारियों की नियुक्ति के नियम, चुनावों में कैंडिडेट्स को लेकर बात, संगठन में पदों के बंटवारे को लेकर नियम। संगठन के पदाधिकारियों को दी गई शक्तियों के नियमों में बदलाव हो सकते हैं।

पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने इसे लेकर बताया कि 16 प्रावधानों में बदलाव के प्रस्तावों पर बात होगी। इसके अलावा संविधान के 32 नियम में संशोधन का प्रस्ताव है। CWC में 50 प्रतिशत आरक्षण, दलित, महिलाओं और आदिवासियों को दिया जाना जरूरी है, इसे स्वीकार भी कर लिया गया है।

इन तीन मुद्दों पर दिन भर होगी चर्चा
शनिवार को ही अधिवेशन में शामिल बड़े नेता देश के तीन बड़े मुद्दों पर बात करेंगे। ये मुद्दे हैं राजनीतिक हालातों पर, अर्थव्यवस्था पर और इंटरनेशनल अफेयर्स पर। इस बैठक में देश में सेंट्रल एजेंसियों का सियासी इस्तेमाल किए जाने, देश की अर्थव्यवस्था को कांग्रेस कैसे संभाल या बेहतर कर सकती है इस पर और देश की विदेश नीतियों पर चर्चाएं होंगी। दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक इन मुद्दों पर कांग्रेस पूरी तरह से अपनी रणनीति तैयार करेगी। इसके बाद शाम के वक्त कुछ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

आएंगी प्रियंका गांधी भी
शनिवार को होने वाले कार्यक्रम और बैठकों में पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी हिस्सा लेंगी। शनिवार को उनके रायपुर आने का कार्यक्रम तय है। इससे पहले शुक्रवार को सोनिया गांधी और राहुल गांधी रायपुर आ चुके हैं। प्रदेश के सबसे महंगे माने जाने वाले नवा रायपुर के मेफेयर लेक रिजॉर्ट में गांधी परिवार के ठहरने का खास बंदोबस्त किया गया है।
26 फरवरी के कार्यक्रम

  • सुबह 10.30 बजे राहुल गांधी प्रीलिमिनरी सेशन को संबोधित करेंगे।
  • दो बजे कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे का अंतिम भाषण होगा। 3 बजे रैली । कांग्रेस के बड़े नेता जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
  • कृषि, किसान कल्याण, युवा रोजगार और शिक्षा तथा सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण पर चर्चा होगी