रायपुरः गंडासा से मारकर लड़की को सरेराह घसीटने वाले के लिए फांसी की मांग, लाठी लेकर लोगों ने देर रात घेरा थाना, पीड़िता की हालत खतरे से बाहर

रायपुर।गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की पर धारदार हथियार से किए गए हमले के मामले में सोमवार रात मोहल्लेवालों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने गुढ़ियारी पुलिस स्टेशन का घेराव कर दिया। आक्रोशित लोगों ने आरोपी को फांसी देने की मांग की है।

बड़ी संख्या में आसपास के लोग गुढ़ियारी थाने पहुंचे और जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। लोगों ने नारेबाजी करते हुए शासन-प्रशासन से आरोपी के लिए फांसी की मांग की। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। वहीं डॉक्टरों ने पीड़िता की हालत भी खतरे से बाहर बताया है। उसका इलाज जारी है।

मालूम हो कि रायपुर में 47 साल के एक सिरफिरे शख्स ने 16 साल की लड़की के घर में घुसकर उस पर गंडासे से हमला कर दिया था। खून से लथपथ लड़की जान बचाने के लिए भागी तो युवक ने उसका पीछा किया और सड़क पर उसके बाल पकड़कर घसीटने लगा। इस दौरान आरोपी ने अपने ऊपर भी हमला किया। पुलिस ने धारा 307 के तहत केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी ओंकार तिवारी

घटना गुढ़ियारी थाना इलाके की है। परिजनों के मुताबिक, उनकी लड़की आरोपी ओंकार तिवारी के मसाला सेंटर में काम करती थी। तिवारी ने लड़की की मां से कहा था- मुझे अपनी बेटी दे दो, मैं उसे पत्नी बनाकर रखूंगा। घर वालों ने इससे इनकार कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर ओंकार तिवारी ने घटना को अंजाम दिया।

परिजनों ने बताया कि शनिवार रात सनकी ओंकार तिवारी गंडासा लेकर उनके घर में घुसा, फिर परिवार के लोगों के साथ बदसलूकी की। लड़की को पीटा और फिर उसके गर्दन और शरीर के कई हिस्सों पर गंडासे से हमला कर दिया। इस दौरान खून से लथपथ लड़की बचने के लिए बाहर भागी, लेकिन वह दौड़ते ही सड़क पर गिर पड़ी। लड़की के परिजन भी उसे संभालने की कोशिश करते रहे। तब तक बदमाश ने फिर से लड़की पर हमला कर दिया।

घटना के बाद सड़क पर बेसुध पड़ी थी लड़की।

सड़क पर बेसुध पड़ी थी लड़की

इस घटना के बाद गुढ़ियारी पुलिस थाने के प्रभारी अलेक्जेंडर कीरो ने आरोपी को तत्काल गिरफ्तार किया। उसके बाद आरोपी का पूरे इलाके में जुलूस निकालकर घुमाया गया।

कई लोगों ने घटना का वीडियो भी बनाया। इसमें नजर आ रहा था है कि खून से लथपथ लड़की दर्द से कराह रही है और आरोपी ओंकार उसके बाल पकड़कर खींचता हुआ सड़क पर बेधड़क आगे बढ़ रहा है। उसके हाथ में गंडासा भी है। इस दौरान आसपास लोग भी आते-जाते दिख रहे हैं, लेकिन कोई लड़की को बचाने की कोशिश नहीं कर रहा। सड़क के बीचों-बीच यह वाकया एक से डेढ़ घंटे तक चलता रहा, लेकिन पुलिस को कुछ पता ही नहीं चला। जबकि घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर गुढ़ियारी थाना भी है। कुछ लोगों ने जब घटना की जानकारी दी, तब प्रशासन हरकत में आया और युवक को गिरफ्तार किया।

परिजनों का कहना है कि आरोपी ओंकार तिवारी के पास केरोसिन भी मिला है। जब वह लड़की के घर पहुंचा तो इसके पास मिट्टी का तेल मौजूद था। लड़की पर यह तेल डालकर उसे जलाने की कोशिश भी आरोपी करने वाला था। फिलहाल पुलिस आरोपी और लड़की के परिजनों से पूछताछ कर रही है। लड़की की हालत ठीक होने पर पुलिस उसका भी बयान लेगी।

आरोपी को थाने ले जाती पुलिस।

आरोपी को थाने ले जाती पुलिस

गुढ़ियारी थाना प्रभारी अलेक्जेंडर कीरो के मुताबिक आरोपी ओंकार तिवारी नाबालिग से विवाह करना चाहता था, जबकि नाबालिग लगातार इनकार कर रही थी। दोनों के बीच पिछले कुछ महीनों से इसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। आखिरकार आरोपी ने लड़की पर जानलेवा हमला कर दिया।

47 साल का ओंकार तिवारी उर्फ मनोज गुढ़ियारी के दुर्गा चौक आंगनबाड़ी के पास बड़ा अशोक नगर इलाके में रहता है। गुढ़ियारी इलाके में ही तिवारी मसाला सेंटर नाम की दुकान चलाता है। लड़की 6 महीने पहले सितंबर 2022 में उसकी दुकान में काम करने पहुंची थी। वह वहां उसके साथ छेड़छाड़ करता था, जिसके चलते लड़की ने काम छोड़ दिया था।

नाबालिग लड़की के माता-पिता मजदूरी करते हैं। लड़की का एक भाई भी है। उसी ने थाने पहुंचकर इस मामले में FIR दर्ज करवाई है। जिस वक्त घटना हुई, लड़की अपनी मां के साथ घर पर मौजूद थी। पूरी घटना शनिवार रात 8 बजे घटी थी।