छत्तीसगढ़ः प्रदेश का फरार सट्टा किंग क्रूज पर करेगा शादी, मंगेतर के लिए बनवाई 35 करोड़ की डायमंड रिंग, प्रदेश के 3 सौ से अधिक लोगों को भेजा गया है कार्ड

महादेव सट्टा किंग सौरभ चंद्राकर की तस्वीर पहली बार सामने आई। - Dainik Bhaskar

रायपुर। दुर्ग-भिलाई के चर्चित ऑनलाइन सट्टा एप चलाने वाले सरगना की 13 फरवरी को शादी है। भिलाई की 26 साल की युवती से रिश्ता तय हुआ है। युवती का परिवार विदेश चला गया है। पिछले 10 दिनों से सरगना की शादी के कार्ड बंट रहे हैं। राज्य के कई कारोबारी, बड़े नेता से लेकर अधिकारियों समेत 300 लोगों को न्यौता भेजा गया है। इस शादी पर ईडी की भी नजर है। जो लोग शादी में जाएंगे, उन पर भी ईडी की नज़र रहेगी।पुलिस के रिकार्ड में वह फरार है। उसकी शादी मलेशिया में होगी। उसने अपनी होने वाली पत्नी के लिए 35 करोड़ रुपए की डायमंड रिंग बनवाई है। शादी 13 फरवरी को एक विशाल क्रूज में होने वाली है।

दुर्ग पुलिस यह दावा कर रही थी कि वो जल्द ही महादेव सट्टा एप के संचालक सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल को गिरफ्तार करेगी। लेकिन यह दावा पूरी तरह से फेल दिख रहा है। जिस आरोपी की पुलिस को तलाश है वो मलेशिया में पूरे राजशाही अंदाज में शादी कर रहा है। इस शादी में प्रदेश से भी लोगों को बुलाया गया है। हां कार्ड में सौरभ चंद्राकर का नाम बदलकर खुशविक संग हर्षिता किया गया।

कार्ड में सौरभ के मां और पिता का नाम सही लिखा है। उसके पिता रामेश्वर चंद्राकर भिलाई निगम से रिटायर होने के बाद अपनी पत्नी राजकुमारी के साथ दुबई में ही शिफ्ट हो चुके हैं। उनका वहां बहुत बड़ा ज्वेलरी शो-रूम है। सौरभ की शादी भिलाई नेहरू नगर निवासी चंद्राकर परिवार में ही हो रही है।

आमंत्रण कार्ड लगभग एक किलो का है, जिसमें महंगे गिफ्ट और ड्राई फ्रूट्स हैं। 300 लोगों को एयर टिकट भी भेजा गया है। चर्चा है कि सरगना की शादी क्रूज में होगी। शादी के लिए 4 क्रूज बुक किए गए हैं। दुबई से क्रूज रवाना होंगे। इसमें हल्दी रस्म से शुरुआत होगी। मलेशिया में फेरे के साथ शादी की रस्म पूरी होगी। शादी में करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं। बॉलीवुड के कुछ स्टार्स को भी बुलाया गया है।

दुर्ग व भिलाई भेजे गए कार्ड से मिली जानकारी के मुताबिक 10 फरवरी रात 9 बजे सूफी नाइट कार्यक्रम है। इसके बाद 11 फरवरी शनिवार 11.30 बजे दिन में मेहंदी, शाम 7.30 बजे रिंग सेरेमनी और रात 10 बजे लास वेगास में ग्रैंड पार्टी का आयोजन किया गया है। अगले दिन 12 फरवरी रविवार को सुबह 10 बजे से तेल और हल्दी का कार्यक्रम होगा। शाम 7 बजे संगीत और बॉलीवुड नाइट का कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद 13 फरवरी को शाम 4 बजे बारात होगी। शाम 7.30 बजे वरमाला और रात 11.30 बजे फेरे होंगे।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस शादी में दो दिन ग्रैंड पार्टी का आयोजन किया गया है। इसमें पहली ग्रैंड पार्टी की थीम लास वेगास पर रखी गई है। यह 11 फरवरी को होगी। यहां दुबई के बड़े बिजनेस मैन और कई बड़ी हस्तियां शामिल होंगी। बताया जा रहा कि ये पार्टी इतनी ग्रैंड होगी की इसका नाम दुबई की गिनी चुनी पार्टियों में शरीक होगा। इसके बाद 12 फरवरी को बॉलीवुड नाइट का इंतजाम किया गया है। इसमें माया नगर मुंबई से कई बड़े सेलीब्रिटी, हीरो और हिरोइन भी पहुंचेंगे। कई हिरोइन और हीरो अपना परफार्मेंस भी यहां देंगे।

यह भी जानकारी मिली है कि इस पूरी शादी में सौरभ चंद्राकर 100 करोड़ रुपए से अधिक खर्च कर रहा है। इस शादी में जो लोग शरीक होंगे उन्हें वो सभी शानो शौकत देखने को मिलेगी जो आदमी सपने में भी नहीं सोच सकता है। सौरभ ने इतना पैसा जुआ सट्टा से कमाया। ये सारा पैसा भारत का है।

दुर्ग एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने बताया कि, महादेव एप के मास्टरमाइंड के विवाह की सूचना मिली है। पुलिस इस शादी में शरीक होने वाले भी संभावित लोगों पर नजर रखे हुए है। इसके लिए एमीग्रेशन से भी संपर्क किया गया है। आरोपी के खिलाफ लुक आउट नोटिस भी जारी किया जा चुका है।