IND vs AUS: नागपुर में ऑस्ट्रेलिया से 15 साल बाद टेस्ट खेलेगा भारत, 2010 के बाद यहां नहीं हारे, देखें रिकॉर्ड

रोहित शर्मा और पैट कमिंस

नागपुर। भारतीय टीम नौ फरवरी से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी। पहला मुकाबला नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इंडिया की नजर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार चौथी सीरीज जीतने पर होगी। कंगारूओं के खिलाफ भारत को सीरीज में पिछली हार 2014-15 में मिली थी। उसके बाद 2017 में घरेलू मैदान पर 2-1 से जीत मिली थी। फिर 2018-19 और 2020-21 में दोनों सीरीज ऑस्ट्रेलिया की जमीन पर भारत 2-1 के अंतर से जीता था।

नागपुर में टीम इंडिया नवंबर 2017 के बाद पहली बार टेस्ट मैच खेलेगी। तब उसने श्रीलंका के खिलाफ पारी और 239 रन से हराया था। टीम इंडिया इस मैदान पर 2010 के बाद से नहीं हारी है। उसे पिछली हार फरवरी 2010 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली थी। तब पारी और छह रन से हार का सामना करना पड़ा था। उसके बाद भारतीय टीम ने यहां न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका को हराया। इंग्लैंड के खिलाफ एक टेस्ट ड्रॉ रहा था।

सौरव गांगुली और एमएस धोनी

सौरव गांगुली और एमएस धोनी

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 15 साल बाद नागपुर में भिड़ंत
भारतीय टीम नागपुर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2008 के बाद पहली बार खेलेगी। पिछली बार उसे 172 रनों से जीत मिली थी। वह मैच भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के करियर का आखिरी मुकाबला था। उसी सीरीज में अनिल कुंबले ने संन्यास लिया था। वह नागपुर से पहले दिल्ली में खेले गए तीसरे टेस्ट में आखिरी बार खेले थे। नागपुर में महेंद्र सिंह धोनी ने कप्तानी की थी। उन्होंने मैच के आखिरी समय में पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को कुछ देर के लिए कप्तानी करने का मौका दिया था। उनके इस कदम ने प्रशंसकों का दिल जीत लिया था।

नागपुर में भारत के मुकाबले

सालखिलाफनतीजा
2008ऑस्ट्रेलियाभारत 172 रन से जीता
2010दक्षिण अफ्रीकादक्षिण अफ्रीका पारी और छह रन से जीता
2010न्यूजीलैंडभारत पारी और 198 रन से जीता
2012इंग्लैंडड्रॉ
2015दक्षिण अफ्रीकाभारत 124 रन से जीता
2017श्रीलंकाभारत पारी और 239 रन से जीता
रोहित शर्मा और नाथन लियोन

रोहित शर्मा और नाथन लियोन – फोटो : सोशल मीडिया 

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का शेड्यूल

मैचतारीखजगहसमय
पहला टेस्ट9-13 फरवरीनागपुरसुबह 9:30 बजे
दूसरा टेस्ट17-21 फरवरीदिल्लीसुबह 9:30 बजे
तीसरा टेस्ट1-5 मार्चधर्मशालासुबह 9:30 बजे
चौथा टेस्ट9-13 मार्चअहमदाबादसुबह 9:30 बजे

टेस्ट सीरीज के पहले दो मैचों के लिए टीम इंडिया: रोहित शर्मा (कप्तान) शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, केएल राहुल, एस भरत, ईशान किशन, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव, जयदेव उनादकट।

ऑस्ट्रेलिया की टीम: उस्मान ख्वाजा, मैट रेनशॉ, स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर, ट्रेविस हेड, मार्नश लाबुशेन, एश्टन एगर, कैमरून ग्रीन, एलेक्स कैरी, पीटर हैंड्सकॉम्ब, पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, जोश हेजलवुड, नाथन लियोन, लांस मौरिस, टॉड मर्फी, मिचेल स्टार्क, मिचेल स्वीपसन।