कोरबाः स्कूलों के संचालन समय में परिवर्तन, अब सुबह 8:30 बजे से लगेगी कक्षाएं

कोरबा।  कलेक्टर संजीव झा ने स्कूली बच्चों के ठण्ड से बचाव के लिए छात्र हित को ध्यान में रखते हुए स्कूलों के संचालन समय में परिवर्तन के निर्देश दिए थे। कलेक्टर के निर्देश उपरांत स्कूलों के खुलने-बंद होने के समय में परिवर्तन किया गया है। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी ने जरूरी आदेश जारी कर दिये हैं।

जारी आदेशानुसार दो पाली में संचालित होने वाली शालाओं में अब सोमवार से शुक्रवार तक पहली पाली सुबह 08:30 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक संचालित होगी। शनिवार को कक्षाएं दोपहर 12:30 बजे से 04:15 बजे तक लगेंगी। दूसरी पाली में लगने वाली कक्षाएं सोमवार से शुक्रवार तक अब 12:30 बजे से 04:15 बजे तक लगेंगी। शनिवार को कक्षाएं सुबह 08:30 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक लगेंगी। इसी प्रकार एक पाली में संचालित होने वाली शालाएं सोमवार से शुक्रवार तक अब सुबह 09:45 बजे से शाम 04 बजे तक संचालित होंगी। शनिवार को कक्षाएं सुबह 8:30 बजे से दोपहर साढे 12 बजे तक लगेंगी।