छत्तीसगढ़ः राजधानी में जुटेंगे 20 हजार युवा, यूथ कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर हर विधानसभा क्षेत्र में करेगी कार्यक्रम 

रायपुर। राजधानी में यूथ कांग्रेस का एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है। 21 नवंबर को प्रदेश की राजनीति के दिग्गजों के साथ दिल्ली से भी सियासी हस्तियां रायपुर आएंगी। प्रदेशभर से युवा रायपुर में जुटेंगे। इसे लेकर रायपुर के कांग्रेस दफ्तर में यूथ कांग्रेस ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने बताया कि राजधानी में भारत जोड़ो युवा संकल्प समारोह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

यूथ कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा – जिस प्रकार देश में हमारे नेता राहुल गांधी कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं, वैसा ही कार्यक्रम हम प्रदेश की हर विधानसभा, ब्लॉक स्तर पर करने जा रहे हैं। राहुल गांधी अपनी यात्रा में सद्भावना एकता की बात करते हुए भारत को जोड़ रहे हैं। ऐसे ही संदेश लेकर यूथ कांग्रेस के युवा छत्तीसगढ़ के लोगों के बीच जाएंगे।

यूथ कांग्रेस की इस यात्रा का आगाज 21 नवंबर से होगा। रायपुर के इंडोर स्टेडियम में भारत जोड़ो युवा संकल्प समारोह का आयोजन होगा। इसमें 20 हजार से अधिक युवा प्रदेशभर से आएंगे। इस कार्यक्रम में युवा संकल्प लेंगे भारत को जोड़ने और एकता बनाए रखने का। साथ ही प्रदेश कांग्रेस सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रदेश के जन-जन तक पहुंचाने का।

ये होंगे मेहमान
कार्यक्रम में मुख्य रूप से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और मंत्रिमंडल के प्रमुख नेता शामिल होंगे। यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी एवं प्रदेश पदाधिकारी, राष्ट्रीय के प्रभारी मौजूद रहेंगे। देश कुछ प्रमुख वक्ताओं को भी कार्यक्रम में बुलाए जाने की चर्चा है। कुछ स्थानीय कलाकारों के साथ बैंड परफॉर्मेंस भी होगी।

गांव-गांव युवाओं को पहुंचाकर मिशन 2023 पर नजर
इस अभियान के तहत यूथ कांग्रेस के नेता गांव-गांव हर विधानसभा इलाके में बाइक रैली करेंगे, वॉल राइटिंग करेंगे, लोगों के बीच सभाएं होंगी। पर्चे बांटे जांएगे। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की मदद से अब कांग्रेस अपने मिशन 2023 यानी की विधानसभा चुनावों को साधने की कोशिश में पूरी ताकत झोंकने जा रही है।