छत्‍तीसगढ़ः प्रदेश के कई जिलों में शीतलहरी के हालात, नारायणपुर रहा सबसे ठंडा 

रायपुर। उत्तर से आ रही शुष्क और ठंडी हवाओं के चलते प्रदेश के कई जिलों में शीतलहरी के हालात हो गए हैं। विशेषकर पेंड्रा रोड और बस्तर क्षेत्र में न्यूनतम तापमान में ज्यादा गिरावट आई है। मंगलवार को प्रदेश में सबसे ठंडा नारायणपुर रहा। नारायणपुर का पारा 8.8 डिग्री पहुंच गया। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के साथ अब शहरी क्षेत्रों में भी ठंड बढ़ने लगी है।

रायपुर का न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री और बिलासपुर का 13.6 डिग्री पहुंचा

मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट होगी। मंगलवार को प्रदेश में सबसे ठंडा नारायणपुर रहा। कृषि विज्ञान केंद्र नारायणपुर का न्यूनतम तापमान 08.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी प्रकार रायपुर का न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा,जो सामान्य से तीन डिग्री नीचे है। वहीं बिलासपुर का न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से तीन डिग्री नीचे है।

उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं ने बढ़ाई ठंड 

मंगलवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहा। उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं की वजह से सुबह और रात में ठंड बढ़ रही है। ठंड बढ़ने के साथ ही लोग अब घरों में भी गर्म कपड़े पहन रहे हैं।

ठंड बढ़ने के साथ ही अब ऊलन दुकानों पर लोगों की भीड़ भी बढ़ने लगी है। गर्म कपड़ों पर 20 प्रतिशत छूट दिया जा रहा है। इसके साथ ही कपड़ा संस्थानों में भी गर्म कपड़ों पर 30 प्रतिशत तक छूट दिया जा रहा है। कुछ संस्थान आकर्षक ऑफर भी चला रहे हैं।

प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान -अधिकतम / न्यूनतम

रायपुर -30.1 / 15.2

बिलासपुर- 29.8 / 13.6

जगदलपुर- 29.5 / 12.0

अंबिकापुर- 25.2 / 11.2

पेंड्रा रोड- 28.4 / 10.4

न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना कम 

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि अभी उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के प्रभाव से मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि अभी न्यूनतम तापमान में विशेष गिरावट की संभावना नहीं है।