देश की महिला टेनिस स्टार सानिया मिर्जा के नाम हैं कई उपलब्धियां, इस तरह बढ़ाया देश का मान

नईदिल्ली I देश की सर्वश्रेष्ठ महिला टेनिस खिलाड़ियों में शुमार सानिया मिर्जा का आज जन्मदिन है। सानिया मिर्जा आज अपना 37वां जन्मदिन मना रही हैं। पिछले कुछ दिनों से सानिया अपने निजी जीवन के कारण सुर्खियों में हैं। पति शोएब मलिक के साथ उनके तलाक की खबरे चर्चा में बनी हुई हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर शोएब मलिक ने सानिया को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। ये तो रही उनके निजी जीवन की बात, लेकिन उनकी प्रोफेशनल लाइफ भी किसी से छुपी नहीं है। सानिया मिर्जा संभवत: अगले साल अपना अंतिम ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट खेल सकती हैं। सानिया ने यूएस ओपन 2022 में टेनिस से संन्यास लेने की योजना बनाई थी लेकिन चोट लगने के कारण उन्हें ग्रैंड स्लैम से चूकना पड़ा। सानिया ने कम उम्र में टेनिस खेलना शुरू किया और वैश्विक स्तर पर भारत का मान कई बार बढ़ाया। कई अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए मेडल जीते। टेनिस स्टार सानिया मिर्जा के जन्मदिन के मौके पर जानिए उनकी सफलता और उपलब्धियों के बारे में।

सानिया मिर्जा का जीवन परिचय

सानिया मिर्जा का जन्म 15 नवंबर 1986 को मुंबई में हुआ था। उनका बचपन हैदराबाद में गुजरा। जन्म के बाद सानिया के पिता इमरान मिर्जा काम के चलते हैदराबाद आ गए। इमरान मिर्जा एक स्पोर्ट्स पत्रकार थे। बाद में उन्होंने एक प्रिंटिंग बिजनेस की शुरुआत की और निर्माता बन गए। सानिया की मां नसीमा मिर्जा भी प्रिंटिंग उद्योग में ही कार्यरत थीं।

सानिया मिर्जा की शिक्षा

टेनिस स्टार सानिया की शुरुआती शिक्षा खेराताबाद की नासर स्कूल से हुई। आगे की पढ़ाई हैदराबाद के सेंट मैरी कॉलेज से हुई। जब सानिया महज 6 साल की थीं तो उनके पिता ने सानिया को हैदराबाद के निजाम क्लब में दाखिला दिला दिया। हालांकि वहां के कोच ने इतनी छोटी बच्ची को सिखाने से मना कर दिया। लेकिन सानिया मिर्जा के टेनिस के हुनर को देखते हुए प्रशिक्षण देने के लिए राजी हो गए।

सानिया मिर्जा का टेनिस में करियर

कम उम्र में ही सानिया ने टेनिस की प्रैक्टिस शुरू कर दी। उनके पहले गुरु टेनिस खिलाड़ी महेश भूपति हैं, जिन्होंने सानिया को टेनिस की शुरुआती शिक्षा दी। बाद में सिकंदराबाद के सिनेट टेनिस अकादमी में सानिया ने ट्रेनिंग ली और फिर अमेरिका आ गईं, जहां एस टेनिस अकादमी ज्वाइन कर ली।

सानिया मिर्जा की शादी

जब सानिया मिर्जा का करियर ऊंचाइयों पर था, तो उन्होंने पाकिस्तान के क्रिकेटर शोएब मलिक से शादी कर ली। उनकी शादी काफी विवादों में रही। दोनो का पहली मुलाकात ऑस्ट्रेलिया में हुई थी। दोनों की अक्सर मुलाकात होने लगी। सानिया को शोएब की सादगी से प्यार हो गया। बाद में सानिया और शोएब के परिवारों ने एक दूसरे से मुलाकात की और दोनों के रिश्ते को रजामंदी दे दी। अप्रैल 2010 में सानिया मिर्जा और शोएब मलिक का निकाह हो गया। वर्तमान में दोनों का एक बेटा भी है।

सानिया मिर्जा की सफलता

1999 में जकार्ता में हुए विश्व जूनियर चैंपियनशिप में सानिया मिर्जा ने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट खेला था। बाद में 2003 में विंबलडन चैंपियनशिप गर्ल्स डबल में खिताब भी जीता। 2003 यूएस ओपन गर्ल्स डब्ल्स के सेमीफाइनल तक पहुंचीं। एफ्रो – एशियाई खेलों में सानिया ने चार स्वर्ण पदक जीते। साल 2007 में सानिया ने चार युगल खिताब जीते और एकल रैंकिंग में विश्व में 27वें नंबर पर जगह बना ली। 2009 में सानिया ने ऑस्ट्रेलियाई ओपन में महेश भूपति के साथ मिक्स्ड डबल में पहला ग्रैंड स्लैम जीता। सानिया मिर्जा ने अपने करियर में 6 ग्रैंड स्लैम हासिल किए हैं।

सानिया मिर्जा के नाम उपलब्धि

  • सानिया ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं।
  • डबल्स में विश्व में प्रथम स्थान बनने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं।
  • साल 2005 में डब्ल्यूटीए खिताब जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं।
  • सानिया को पद्मश्री अवार्ड, अर्जुन अवार्ड और राजीव गांधी खेल रत्न अवार्ड समेत कई सम्मान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिले हैं।