छत्तीसगढ़ः भाजपा का 9 को प्रदेश में चक्काजाम 11 नवंबर को निकलेगी हुंकार रैली

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से चुनावी मोड में आ चुकी है। तीन महीने में दो बड़े प्रदर्शन के बाद अब नवंबर में दो और बड़े विरोध प्रदर्शन की तैयारी है। आरक्षण के मुद्दे को लेकर भाजपा सभी जिला मुख्यालयों में 9 नवंबर को चक्काजाम करने जा रही है। दो दिन बाद ही 11 नवंबर को बिलासपुर में महिला सुरक्षा की मांग को लेकर महतारी हुंकार रैली का आयोजन होगा। इसका पोस्टर भी बुधवार को रिलीज किया गया। रैली में राष्ट्रीय केबिनेट मंत्री स्मृति ईरानी और राष्ट्रीय महिला मोर्चा अध्यक्ष वानाथी श्रीनिवासन भी शामिल होंगी।

छत्तीसगढ़ सहप्रभारी नितिन नबीन ने कहा कि भाजपा प्रदेश की आधी आबादी की समस्याओं की वकील बनकर न्यायधानी में आंदोलन कर रही हैं और सबसे महत्वपूर्ण बात है कि आप शासक वर्ग के खिलाफ खड़ी हो रही हैं। प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई बैठक में डॉ. रमन सिंह, अजय जम्वाल, नितिन नबीन, अरुण साव, पवन साय, शालिनी राजपूत सहित वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

महतारी हुंकार रैली बदल देगी वातावरण : रमन
भाजपा महिला मोर्चा 11 नवंबर को बिलासपुर में महतारी हुंकार रैली निकालने जा रही है। इसकी तैयारियों को लेकर चर्चा के बाद भाजपा कार्यालय में इसका पोस्टर भी लांच किया गया। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह ने कहा कि यह रैली छत्तीसगढ़ का वातावरण बदल देगी। आम जनता और महिलाएं इस सरकार का विकल्प भाजपा में देख रही हैं। उन्होंने कहा कि माताओं बहनों की पुकार आ रही है कि भूपेश बघेल गरीब के हिस्से का कमीशन खा रहे हैं उनके प्रधानमंत्री आवास के पैसे से दूसरे राज्यों में चुनाव करवा रहे हैं।

आरक्षण के मुद्दे पर चक्काजाम करने की तैयारी

आदिवासियों के आरक्षण की मांग को लेकर बुधवार को भाजपा आदिवासी नेताओं ने पत्रकारवार्ता कर कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला। रामविचार नेताम, विक्रम उसेंडी, रामसेवक पैकरा, महेश गागड़ा, विकास मरकाम, खामसिंग माझी और देवलाल ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार समिति और प्रकोष्ठ के झुनझुने से आदिवासियों को ठगने का काम कर रही है।

विरोध में भाजपा अजा मोर्चा 9 नवंबर को सभी जिला मुख्यालयों में चक्काजाम करेगी। इसके बाद 16 से 20 नवंबर तक संभाग स्तरीय गौरव प्रदर्शनी का आयोजन होगा। बस्तर में 21 नवंबर और सरगुजा संभाग में 28 नवंबर को प्रदर्शन किया जाएगा। शहीद वीर नारायण सिंह की बलिदान दिवस 10 दिसंबर को भाजपा जनजातीय अधिकार दिवस के रूप में मनाएगी।

उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक संपन्न हुई जिसमें आदिवासी समाज का आरक्षण 32 फीसदी से घटाकर 20 फीसदी किए जाने तथा बस्तर, सरगुजा और बिलासपुर संभाग के जिलों से स्थानीय भर्ती प्राथमिकता को समाप्त किए जाने पर भूपेश सरकार के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास किया गया। नेताओं ने कहा कि मेडिकल शिक्षा के स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में अजजा वर्ग के लिए 20 फीसदी का असंवैधानिक आरक्षण रोस्टर लागू कर आदिवासी युवाओं का अधिकार छीना जा रहा है और कांग्रेस सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है।

महिलाओं के साथ अत्याचार पर 15 साल चुप क्यों थे: मरकाम
पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने कहा कि प्रदेश में 15 सालों तक महिलाओं के साथ अत्याचारों की पूरी श्रृंखला चालू थी तब भाजपा कहां सोई थी? आज प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित हैं, उनके साथ हो रहे अपराधों में 62 प्रतिशत की कमी आई है। महिलाओं को जीवन जीने के लिये सुरक्षित भयमुक्त वातावरण मिला है तब भाजपा हुंकार रैली की नौटंकी करने जा रही है।

मरकाम ने कहा कि रमन राज में झलियामारी के सरकारी आश्रम में बच्चियों के साथ दुराचार, बिलासपुर में नसबंदी कांड में 17 महिलाओं की जानें चली गईं तब भाजपा ने हुंकार रैली नहीं निकाली। रायपुर में चंद पैसों के लिये महिलाओं के गर्भाशय निकाले, प्रदेश में 27000 से अधिक लड़कियां गायब हो गईं तब भाजपा की बोलती बंद थी।