छत्तीसगढ़ः लकड़ी व्यापारी की बेरहमी से हत्या, किसी भारी चीज से सिर में मारा गया; वसूली करने गया था, खदान किनारे मिला शव 

दुर्ग। जिले के उतई थाना क्षेत्र के धौराभाठा (परसाही) गांव के पास लकड़ी व्यापारी का शव मिला है। शव की पहचान ईश्वर साहू (36 साल) निवासी अंडा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह परसाही में एक लकड़ी व्यापारी के पास 30 हजार रुपए की वसूली करने आया था। इसके बाद अगले दिन शुक्रवार सुबह उसका शव खदान के पास पड़ा हुआ मिला है।

उतई थाना प्रभारी ने बताया कि ईश्वर साहू लकड़ी खरीदी और बिक्री करने का काम करता था। उसने उतई के परसाही में एक व्यापारी को लकड़ी दिया था। उसका 30 हजार रुपए उसे लेना था। वही लेने के लिए वह गुरुवार को वहां पहुंचा था। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि लकड़ी व्यापारी ने ईश्वर को 30 हजार रुपए दे दिए थे। इसके बाद वह वहां चला गया था। उसके बाद उसके साथ क्या हुआ उसकी हत्या किसने की इन सवालों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि युवक की हत्या की गई है। उसके सिर पर पीछे से किसी ठोस चीज से वार किया गया है, जिससे उसकी मौत हो गई है। पुलिस का कहना है कि हत्या रुपए के लेन देन को लेकर ही की गई है। कुछ संदेहियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस जल्द ही आरोपियों के पता लगा लेगी।

ईश्वर साहू का परसाही गांव में ही ससुराल है। साथ ही पड़ोसी गांव धौराभाठा उसका मामा घर है। पुलिस वहां भी पूछताछ कर रही है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

उधर, अंडा थाना अंतर्गत रूदा (खाड़ा) गांव में 12 साल के बच्चे की हत्या मामले में भी पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई है। इस मामले में पुलिस जल्द खुलासा करेगी। पता चला है कि इस हत्याकांड में आरोपी कोई और नहीं बच्चे के मोहल्ले के ही हैं। हत्याकांड में महिला और पुरुष शामिल हैं। हत्या की वारदात को पुरुष ने अंजाम दिया है।

इस मामले को खुद गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने संज्ञान में लिया था। उन्होंने आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए एसपी दुर्ग डॉ. अभिषेक पल्लव से भी बात की थी। पुलिस अधीक्षक ने इस मामले की जांच के लिए साइबर सेल, क्राइम ब्रांच और एक विशेष टीम को लगाया था। सोमवार सुबह बच्चे की बोरी में बंद लाश मिली थी।