छत्तीसगढ़ः कांग्रेस अध्यक्ष चुनने के लिए मतदान जारी, सीएम भूपेश बघेल और पीसीसी चीफ मरकाम ने किया मतदान; राजीव भवन में बना बूथ 

रायपुर। कांग्रेस पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने के लिए सोमवार सुबह 10 बजे से मतदान शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पीसीसी चीफ मोहन मरकाम मतदान कर चुके हैं। छत्तीसगढ़ के 307 डेलीगेट्स के लिए पार्टी के प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में एक बूथ बनाया गया है। यहां शाम के 4 बजे तक मतदान होना है। उसके बाद मतपेटी दिल्ली ले जाई जाएगी। इस चुनाव में प्रतिनिधि वोटरों को मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर में से किसी एक को चुनना है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल करीब 11.10 बजे राजीव भवन पहुंचे। उसी दौरान मंत्री रविंद्र चौबे, कवासी लखमा, रुद्र कुमार गुरु, डॉ. शिव कुमार डहरिया, विधायक सत्यनारायण शर्मा, अंबिका सिंहदेव, ममता चंद्राकर आदि मंत्री विधायक भी प्रदेश पदाधिकारी भी मतदान के लिए पहुंचे। मतदान के बाद मुख्यमंत्री और उनके मंत्री कैबिनेट बैठक के लिए रवाना हो गए हैं। मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा, यह मतदान कांग्रेस पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र के मजबूती का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया मतदान

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया मतदान

अध्यक्ष पद के दोनों प्रत्याशियों में से कोई भी वोट मांगने रायपुर नहीं पहुंचा है। हालांकि फोन पर ही नेताओं से बातचीत हुई है। यहां संगठन का झुकाव मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर दिख रहा है। खड़गे की ओर से प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण सिंघानिया, महामंत्री अर्जुन तिवारी, अरुण सिसौदिया और सुमित्रा घृतलहरे को पोलिंग एजेंट बनाया गया है। वहीं शशि थरूर को यहां के नेताओं में से कोई पोलिंग एजेंट भी नहीं मिला है। उनके लिए दिल्ली से एक नेता को पोलिंग एजेंट बनाकर भेजा गया है।

पीसीसी चीफ ने किया मतदान

पीसीसी चीफ ने किया मतदान

प्रदेश के निर्वाचन अधिकारी बनाये गये उमर हुसैन दलवई मतपेटी और मतपत्रों को लेकर रविवार शाम को ही रायपुर पहुंच गए थे। मतदान सामग्री को राजीव भवन के एक कमरे में सील कर रखवाया गया। कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने बताया, मतदान केंद्र राजीव भवन के मीटिंग हाल में बनाया गया है। प्रदेश के सभी 307 डेलीगेट्स में कुछ लोग मतदान कर चुके हैं, बाकि के मतदान करने पहुंच रहे हैं। मतदान के दौरान प्रत्याशियों के अधिकृत प्रतिनिधि के अलावा किसी को बूथ के भीतर जाने की इजाजत नहीं होगी।

प्रदेश अध्यक्ष बोले, सभी वोटरों में उत्साह
प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम मतदान शुरू होने से पहले राजीव भवन पहुंच गए। प्रेस से बात करते हुए उन्होंने कहा, 24 साल बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। इसे लेकर प्रदेश कांग्रेस के डेलीगेट्स में जबरदस्त उत्साह है। गुप्त मतदान होना है, जिसको जो प्रत्याशी पसंद होगा उसे वोट देगा। जो चुना जाएगा वह सबका अध्यक्ष होगा।

एजेंटों के सामने सील हुई मतपेटी
मतदान की प्रक्रिया शुरू करने से पहले निर्वाचन अधिकारी उमर हुसैन दलवई ने एजेंटों को मतदान की प्रक्रिया समझाई। उनके सामने ही मतपत्रों की गिनती हुई। मतपेटी को खोलकर देखा गया। उनकी मौजूदगी में उसे बंद कर सील किया गया। उसके बाद सभी के हस्ताक्षर भी लिये गये।

मतदाता पहचान पत्र जारी हुए हैं

कांग्रेस के चुनाव प्राधिकरण ने सभी मतदाताओं की पहचान के लिए फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र जारी किया है। यह करीब 10-15 दिन पहले ही सभी को पहुंचा दिया गया था। मतदाताओं को क्रास वेरिफिकेशन के लिए पोलिंग एजेंट के सामने मतदान अधिकारी को यह पहचानपत्र दिखाना होगा। मतदान अधिकारी प्रत्येक मतपत्र पर हस्ताक्षर कर मतदाता को देंगे। मतदाता को भी मतपत्र की काउंटरफाइल पर हस्ताक्षर करना होगा।

सुरक्षा घेरे में पुलिस के साथ कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ता भी लगे हैं।

सुरक्षा घेरे में पुलिस के साथ कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ता भी लगे हैं।

वोट देने के लिए “1′ लिखना है

बताया गया कि दोनों उम्मीदवारों में से किसी एक को वोट दिया जा सकता है। उसके लिए उम्मीदवार के नाम के आगे के बॉक्स में “1′ लिखना होगा। उसके बाद मतपत्र को तीन बार मोड़कर मतपेटी में डालना होगा। इतना करने से मतदान की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।

आखिरी बार 1998 में हुआ था चुनाव

कांग्रेस में अध्यक्ष पद के लिए आखिरी बार साल 1998 में वोटिंग हुई थी। तब सोनिया गांधी के सामने जितेंद्र प्रसाद थे। सोनिया गांधी को करीब 7,448 वोट मिले, लेकिन जितेंद्र प्रसाद 94 वोटों पर ही सिमट गए। सोनिया गांधी के अध्यक्ष बनने पर गांधी परिवार को कभी कोई चुनौती नहीं मिली।