छत्तीसगढ़ः एक ही परिवार के 3 लोगों की हत्या, पति-पत्नी और बेटी को कुल्हाड़ी से मारा; जान-पहचान के शख्स पर शक 

गांव में जांच करती हुई पुलिस। - Dainik Bhaskar

जशपुर। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक ही परिवार के 3 लोगों की हत्या कर दी गई। वारदात देवी डडगांव पंचायत के ग्राम कदम टोली में हुई है। गुरुवार सुबह जब पड़ोसी उनके घर किसी काम से आया, तो दरवाजा खुला हुआ मिला। जैसे ही वो कमरे के अंदर गया, उसके होश उड़ गए। घर में माता-पिता और युवती की लाश लहुलूहान हालत में पड़ी हुई थी।

हत्या की सूचना पर जशपुर SP डी रविशंकर, ASP उमेश कश्यप और SDOP राजेंद्र सिंह परिहार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। SDOP राजेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि अर्जुन तेंदुआ (43 वर्ष) अपनी पत्नी फिरनी तेंदुआ (40 वर्ष) और बेटी संजना (19 वर्ष) के साथ खाना खाने के बाद बुधवार रात को सोया था। इसी दौरान अज्ञात आरोपी ने घर में घुसकर तीनों की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। तीनों के शरीर पर धारदार हथियार से मारे जाने के गंभीर घाव मिले हैं।

वारदात के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

वारदात के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक अर्जुन तेंदुआ और उसका परिवार खेती-किसानी से जुड़ा हुआ था। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। SDOP राजेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि जांच में डॉग स्क्वॉड की टीम की भी मदद ली जा रही है। हत्या के पीछे आपसी रंजिश या कोई विवाद हो सकता है। फिलहाल हत्या की वजहों का पता नहीं चल सका है। जांच की जा रही है, जल्द ही हत्यारा पुलिस की गिरफ्त में होगा। पुलिस ने कहा कि हत्या के पीछे किसी जान-पहचान के व्यक्ति का ही हाथ होने की आशंका है।