कोरबाः क्रेन का टायर ब्लास्ट होने से SECL कर्मचारी की मौत; 2 घायल

SECL कर्मचारी की ड्यूटी के दौरान मौत। - Dainik Bhaskar

कोरबा। जिले में गुरुवार को क्रेन का टायर फटने से SECL कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं 2 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए SECL के विभागीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक्सीडेंट दीपका महाप्रबंधक कार्यालय के पास हुआ। लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी गई।

पुलिस ने बताया कि SECL में सीनियर मैकेनिकल फिटर लालदास खरे दीपका वर्कशॉप में पदस्थ था। क्रेन का बेयरिंग खराब हो जाने पर वो उसकी मरम्मत कर रहा था। लालदास टायर खोल ही रहा था कि वो अचानक से ब्लास्ट हो गया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं उसका साथी घनश्याम गभेल और एक ठेका श्रमिक घायल हो गया, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दीपका विस्तार परियोजना का एक क्रेन खराब हो गया था। क्रेन की रिपेयरिंग करने गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे एसईसीएल मेंटेनेंस कर्मचारी लालदास खरे (53 वर्ष) को मौके पर भेजा गया था। इसी दौरान हादसा हुआ।

SECL कर्मचारी लालदास खरे की मौत।

SECL कर्मचारी लालदास खरे की मौत।

29 सितंबर को लालदास खरे की बेटी श्वेता खरे (16 वर्ष) का जन्मदिन था। घर में बर्थ डे पार्टी रखी गई थी, इसलिए उसकी तैयारी चल रही थी। मृतक का बेटा शशांक खरे (18 वर्ष) जो बिलासपुर में रहकर पढ़ाई करता है, वो भी बहन का जन्मदिन मनाने के लिए आया हुआ था। इधर पिता की मौत की खबर सुनकर भाई-बहन दोनों शॉक में हैं। घर में बाकी के रिश्तेदार भी पत्नी और दोनों बच्चों को संभालने में जुटे हैं। लालदास खरे अपनी पत्नी और बेटी के साथ दीपका कॉलोनी क्वार्टर नंबर- MD 420 में रहता था।

पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। लालदास खरे का अंतिम संस्कार गृह ग्राम मुंगेली में किया जाएगा।