बिलासपुरः गणेश विसर्जन के दौरान देर रात विवाद, कर दी युवक की हत्या 

बिलासपुर। चकरभाठा क्षेत्र के तेलसरा गांव में शुक्रवार की रात गणेश विसर्जन के दौरान हुए विवाद को लेकर युवक की हत्या कर दी गई। हमलावर हत्या के बाद शव को गली में छोड़कर भाग निकले। देर रात हुई इस घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसर गया। घटना की सूचना पर चकरभाठा पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। देर रात पूछताछ के बाद पुलिस ने संदिग्धों की धरपकड़ शुरू कर दी है। वहीं, गांव वालों से भी पूछताछ की जा रही है।

चकरभाठा क्षेत्र के तेलसरा में रहने वाले संदीप सिंह ठाकुर ठेकेदारी करते थे। कुछ साल पहले उनकी पत्नी अपने मायके चली गई है। संदीप के भाई अलग-अलग जगह पर रहते हैं। संदीप गांव में रहकर ठेकेदारी के साथ ही खेती का काम संभालते थे। दो दिन पहले उनकी तबीयत खराब हो गई थी। इस पर उन्हें बिलासपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। गांव में गणेश विसर्जन को लेकर शुक्रवार की शाम वे अस्पताल से लौट आए। देर रात गांव में गणेश विसर्जन का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान दो गुटों के बीच विवाद हो गया।

इस दौरान हुई मारपीट में लोग इधर-उधर भागने लगे। थोड़ी देर बाद गांव के लोगों ने शत्रुहन किराना दुकान के पास संदीप का शव देखा। संदीप के गले और सिर में धारदार हथियार से चोट के निशान थे। हत्या की जानकारी मिलते ही गांव में सन्नाटा पसर गया। इसकी सूचना पर पुलिस की टीम भी तेलसरा पहुंच गई। वहीं, संदीप के स्वजन भी गांव पहुंचे। प्राथमिक पूछताछ के बाद पुलिस ने संदिग्धों की धरपकड़ शुरू कर दी है। इसके अलावा गांव के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। देर रात तक विवाद का कारण स्पष्ट नहीं हुआ। पुलिस इसकी जांच कर रही है।