रायपुरः कल आएंगे BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, 4 किमी की सड़क भाजपामय करने की तैयारी, महिलाएं करेंगी आरती, फूल बरसाएंगे कार्यकर्ता 

रायपुर। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा के स्वागत के लिए भाजपा पूरा जोर लगा रही है। विधायक व पूर्व मंत्री प्रशासनिक अफसरों के साथ सड़क पर निकल पड़े हैं। घड़ी चौक पर सड़क पर बनने वाले मंच और जेपी नड्‌डा के काफिले की मूवमेंट को लेकर ट्रैफिक DSP सतीश ठाकुर से चर्चा की। तेलीबांधा थाने से लेकर गौरव पथ, जेल रोड होते हुए एकात्म परिसर तक जेपी नड‌्डा का रोड शो किया जाना है।

इस करीब 4 किलोमीटर के रोड पैच को पूरी तरह से भाजपामय बनाने की तैयारी है। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि 9 सिंतबर को भाजपा के कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष आ रहे हैं। उनका हम सब लोगों से संपर्क और सबंध है क्योंकि वो हमारे प्रभारी रहे हैं। हमारी कोशिश है कि उनका ऐसा स्वागत हो कि वो कहें पहली बार ऐसा स्वागत देख रहा हूं।

भाजपा ने कर रखी है तैयारियां
सैकड़ों महिला कार्यकर्ता आरती और तिलक के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करने को तैयार हैं। भाजपा कार्यकर्ता मानव श्रृंखला बनाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष पर फूल बरसाएंगे। तैयारियों के संबंध में पूर्व मंत्री विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने एकात्म परिसर में रायपुर शहर दक्षिण विधानसभा के सभी मोर्चों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, पार्षदों के साथ साथ जिले के पदाधिकारियों की भी बैठक ली।
राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश स्तर की समिति से लेकर पोलिंग बूथ तक के कार्यकर्ताओं से भी बात करेंगे।

  • तेलीबांधा थाने से लेकर एकात्म परिसर तक नड्डा का रोड शो होगा।
  • इस बीच 10 से अधिक मंच बनाए जा रहे हैं, इन मंचों पर छत्तीसगढ़ी संस्कृति के अंदाज में जेपी नड्‌डा का स्वागत होगा।
  • एकात्म परिसर में नेताओं से मिलने के बाद नड्डा साइंस कॉलेज मैदान जाएंगे।
  • रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में 50 हजार लोगों की क्षमता का डोम तैयार किया जा रहा है। यहां नड्‌डा कार्यकर्ताओं की सभा को संबोधित करेंगे।