बिलासपुरःपरिवार को जिंदा जलाने घर में लगाई आग,ट्रांसपोर्टर को कोयला कारोबारियों ने दी थी धमकी; 3 लोगों ने दिया वारदात को अंजाम 

पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

बिलासपुर। बिलासपुर में ट्रांसपोर्टर के घर में पेट्रोल डालकर आग लगाने का मामला सामने आया है। मकान में पेट्रोल डालकर आग लगाने वाली इस घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तीन युवक बोतल में पेट्रोल डालते और माचिस जलाकर आग लगाते नजर आ रहे हैं। हालांकि, आगजनी की इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। लेकिन, आग घर के अंदर तक पहुंच जाता, तो गंभीर हादसा हो सकता था।

इधर, ट्रांसपोर्टर ने कहा है कि उनके परिवार को जिंदा जलाने की योजना बनाई गई थी। कुछ दिन पहले उन्हें कोयला कारोबारियों ने जान से मारने की धमकी भी दी थी। फिलहाल पुलिस केस दर्ज कर जांच में जुट गई है। घटना सिरगिट्‌टी थाना क्षेत्र की है।

तिफरा के यदुनंदननगर स्थित गौर कॉलोनी में रहने वाली रेखा सिंह (42) गृहणी हैं। उनके पति अनिल सिंह ट्रांसपोर्टर हैं। गुरुवार की रात वे अपने बच्चों के साथ सो रही थीं। सुबह 6 बजे उनकी नींद खुली तो उनके मकान के सामने के तीन गेट जल गए थे। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरे का तार, प्लाई और अन्य सामान भी आग की चपेट में आ गए थे। उन्होंने इसकी जानकारी अपने पति के साथ ही पुलिस को दी थी।

CCTV में पेट्रोल डालते दिख रहा है युवक।

CCTV में पेट्रोल डालते दिख रहा है युवक।

इसके बाद उन्होंने अपने घर में लगे CCTV कैमरे का फुटेज चेक किया, जिसमें तीन लोग बोतल में पेट्रोल डालकर आग लगाते हुए दिख रहे हैं। कैमरे में आग लगाने वाले युवक नजर आने के बाद उन्होंने सिरगिट्‌टी थाने में केस दर्ज कराया है। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

बच पाना मुश्किल था
महिला के पति अनिल सिंह ने बताया कि जिन लोगों ने गेट व बाहर पेट्रोल डालकर आग लगाया है, उनकी मंशा पूरे परिवार के सभी लोगों को जिंदा जलाने की थी। आग यदि गाड़ियों में पकड़ लेती तो घर के किसी का सदस्य का बच पाना मुश्किल था। घटना के समय अनिल सिंह घर के बाहर थे।

फुटेज में एक युवक चेहरा ढंका हुआ है।

फुटेज में एक युवक चेहरा ढंका हुआ है।

व्यवसायिक प्रतिस्पर्धा के चलते घटना की आशंका
महिला ने बताया कि उनके पति ट्रांसपोर्टर हैं। व्यवसायिक प्रतिस्पर्धा के चलते कोयला व्यवसायी रामजीत सिंह के साथ ही बबलू सिंह, राजू सिंह, अजय सिंह ने उनके पति को धमकी दी थी। कोयला व्यवसायी रामजीत सिंह के सिविल लाइन थाने में दुष्कर्म का केस दर्ज है और वह फरार है। इस केस के चलते भी रामजीत सिंह अनिल सिंह और परिवार पर रंजिश रखने लगा है।

पांच हजार का इनाम घोषित
कोयला व्यवसायी रामजीत सिंह दुष्कर्म का केस दर्ज होने के बाद से पुलिस की नजर में फरार है। पुलिस का दावा है कि उसकी तलाश की गई। लेकिन, वह नहीं मिला। जबकि दुष्कर्म का केस दर्ज कराने वाली महिला ने उसके खिलाफ धमकी देने का भी केस दर्ज कराया है। इधर, पुलिस ने उसे फरार बताकर पकड़वाने पर पांच हजार रुपए का इनाम भी घोषित कर दिया है।